कोरबा(खटपट न्यूज़)। जिले में कोरोना संक्रमण के आंकड़े कम नहीं होने के लिए लापरवाही एक बड़ी वजह है। ऐसे लोगों पर पुलिस और प्रशासन ने अब सख्ती बरतना शुरू कर दिया है।

लॉकडाउन में बेवजह घूमने वालों पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीना के निर्देशानुसार कोतवाली टीआई दुर्गेश शर्मा के नेतृत्व में मानिकपुर, रामपुर व सीएसईबी चौकी क्षेत्रांतर्गत 8 लोगों के विरूद्ध मामले दर्ज हुए हैं। मानिकपुर चौकी अंतर्गत देवप्रसाद चौहान, रामपुर चौकी अंतर्गत रवि गुप्ता और राममोहन निर्मलकर, पथर्रीपारा निवासी मो. अली, सीएसईबी चौकी अंतर्गत जीवन लाल यादव को बिना किसी काम के घूमता पाया गया। कोतवाली अंतर्गत इतवारी बाजार में आलोक तिवारी उर्फ गोलू, संदीप गुप्ता, गगन पाण्डेय सिगरेट का कश लगाते घूम रहे थे। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने इनके पास से सिगरेट के पैकेट भी बरामद किए। इन सभी के विरूद्ध धारा 269, 270 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। सिगरेट किसके पास से खरीदे यह पता नहीं चला है वरना विक्रेता पर भी कार्यवाही होनी चाहिये।
इसी तरह कोतवाल ने देर शाम सुनालिया चौक पर मौजूद रहकर बेवजह घूमने वालों को कान पकड़वाकर फटकार लगाई। टीआई शर्मा ने आम जनता से अपील की है कि लॉकडाउन के निर्देशों का पालन करें अन्यथा उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
0 डीएसपी निकले सड़क पर, लगाई फटकार
बालको थाना क्षेत्र में डीएसपी मुख्यालय रामगोपाल करियारे, थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, एएसआई गणेश राम महिलांगे, जितेंद्र यादव आदि ने क्षेत्रों में जाकर सख्ती बरती। बिना वजह निकले लोगों पर एफआईआर भी दर्ज की गईं।

इसी तरह पाली क्षेत्र में लॉकडाउन का पालन कराने टीआई लीलाधर राठौर के द्वारा लगातार गश्त की जा रही है। ग्रामीण और आंतरिक इलाकों में औचक निरीक्षण भी जारी है। उन्होंने इस कड़ी में बेवजह घर से बाहर घूमते हुए लोगों को फटकार लगााया और लापरवाहों को उठक-बैठक भी कराया। इन पर जुर्माना की कार्यवाही भी की गई। अन्य थाना-चौकी क्षेत्रों में भी कार्यवाही की जा रही है।

0 दीपका थाना प्रभारी पर एसपी की नाराजगी
शुक्रवार सुबह कलेक्टर-एसपी ने दीपका के नगरीय क्षेत्रों और चौक-चौराहों पर बेवजह निकले लोगों को रोककर बाहर निकलने का कारण पूछा। मोटर साईकिलों, कारों में घूमने वाले लोगों को रोककर श्रीमती कौशल ने फटकार लगाई। इस दौरान एसपी अभिषेक मीणा ने दीपका थाना प्रभारी के प्रति तालाबंदी और कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन नहीं करा पाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। श्री मीणा ने थाना प्रभारी को और अधिक पुलिस बल लगाकर क्षेत्र में बाहर निकल रहे और बिना काम के घूम रहे लोगों पर कड़ाई करने के निर्देश दिये। उन्होंने बिना काम के घूमने वाले लोगों के विरूद्ध सख्त रवैया अपनाते हुए जुर्माना, जप्ती और एफआईआर करने के लिए थाना प्रभारी को सख्त लहजे में निर्देशित किया।
0 आंतरिक व स्लम बस्तियों में गश्त कमजोर, कराएं बाइक पेट्रोलिंग
पुलिस और प्रशासन के वाहन मुख्य सड़क पर आसानी से दौड़ते हैं लेकिन आंतरिक बस्तियों, कालोनियों और मोहल्लों में अक्सर चार पहिया वाहनों से गश्त अपेक्षाकृत कमजोर है। ऐसे तंग रास्तों की बस्तियों और मोहल्लों में लोग बेपरवाह होकर सुबह से शाम, रात तक घूमते-फिरते रहते हैं। संक्रमितों के निगेटिव मिले परिजन भी बाहर घूमते नजर आ जाते हैं। स्लम बस्तियों में कच्ची महुआ शराब और कोचियों के द्वारा भंडारित देशी शराब की भी बिक्री सुबह से रात तक हो रही है। इसे खरीदने के लिए भी जमावड़ा लगता है। लोगों ने इस बात की जरूरत महसूस की है कि आंतरिक क्षेत्रों में पुलिस की बाइक पेट्रोलिंग औचक और लगातार कराई जाए जिससे कार्यवाही का भय हो और लोग बाहर न निकलें।















