Wednesday, April 22, 2026
Home कोरबा वार्ड 35 शांतिनगर के पार्षद की कार्यशैली ठीक नहीं, काम करने के...

वार्ड 35 शांतिनगर के पार्षद की कार्यशैली ठीक नहीं, काम करने के लिए कहने पर करते हैं दुर्व्यवहार….

कोरबा, (खटपट न्यूज़)। नगर पालिक निगम के वार्ड 35 के पार्षद की कार्यशैली को अनुचित करार देते हुए परेशान वार्डवासियों की ओर से महापौर को ज्ञापन सौंपा गया है।
नागरिक संघर्ष समिति बालको नगर के अध्यक्ष अशोक यादव ने महापौर राजकिशोर प्रसाद को ज्ञापन सौंपकर कहा है कि वार्ड क्र. 35 शांति नगर के पार्षद की कार्यशैली ठीक नहीं है। वार्ड क्र. 35 शांति नगर की जनता वार्ड पार्षद की कार्यशैली से परेशान है। गत 6 वर्ष से वार्ड में किसी भी प्रकार का सड़क निर्माण, सिंचाई साधन, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, नाली निर्माण एवं अन्य किसी भी प्रकार की जनसुविधा के कार्य नहीं किए गए हैं। वार्ड की जनता द्वारा वार्ड हेतु कार्य करने के लिए कहे जाने पर पार्षद द्वारा दुर्व्यवहार किया जाता है। वार्ड में स्टेट बैंक के समीप हनुमान मंदिर के सामने बने सामुदायिक भवन एवं वार्ड में बुजुर्गों के लिए बने अनुभव भवन को पार्षद द्वारा अपने निजी व्यक्तियों को सौंप दिया गया है, जिससे वार्ड की जनता उक्त भवनों का लाभ नहीं ले पा रही है। वार्ड पार्षद की शिकायत नगर निगम कार्यालय में करने पर पार्षद एवं उनके प्रतिनिधियों द्वारा संबंधित व्यक्ति की शिकायत थाने में कर दी जाती है व पार्षद के प्रतिनिधि गुंडों द्वारा लोगों के घरों में जाकर गुंडागर्दी की जाती है। अशोक यादव ने महापौर से शिकायत करते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

गौरतलब है कि उक्त वार्ड के पार्षद निगम में नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल हैं। अशोक यादव द्वारा शिकायत ज्ञापन की प्रतिलिपि विधानसभा अध्यक्ष डॉ.चरणदास महंत, सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, विधायक जयसिंह अग्रवाल, प्रभारी मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी बालकोनगर को भी दी गई है।

Advertisement Carousel