Thursday, June 11, 2026
Home कोरबा रॉन्ग नम्बर ने कराया कलह,पत्नी ने किया अग्निस्नान,पति भी झुलसा

रॉन्ग नम्बर ने कराया कलह,पत्नी ने किया अग्निस्नान,पति भी झुलसा


कोरबा(खटपट न्यूज़)। पति के मोबाइल पर आने वाले रॉन्ग नंबर और किसी महिला की आवाज के चक्कर में उत्पन्न संदेह से एक हंसता-खेलता परिवार बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गया है। शक की आग में भड़की पत्नी ने विवाद के बाद मंगलवार सुबह खुद पर केरोसीन डाल कर आग लगा लिया। उसे बचाने के प्रयास में पति भी झुलस गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां महिला की हालत नाजुक है।

प्रतीकात्मक चित्र


मामला मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के डिपरापारा का है। यहां का निवासी सूरजभान कारपेंटर का काम करता है। उसने करीब 4 साल पहले रामनगर निवासी पूजा 32 वर्ष से प्रेम विवाह किया था। दोनों की यह दूसरी शादी है। पहली शादी से दोनों के एक-एक बच्चे भी हैं। सूरजभान ने बताया कि कुछ दिनों से उसके मोबाइल पर एक महिला का कॉल आ रहा है। पहली बार कॉल आया तो रॉन्ग नंबर था। इसके बाद से महिला अक्सर कॉल करती है, लेकिन बात करने से पहले ही काट देती। सूरजभान ने बताया कि सोमवार को भी उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया। पूजा ने देखा तो फिर विवाद शुरू हो गया। पूजा का आरोप है कि सूरजभान का किसी अन्य महिला से चक्कर है। इस पर सूरजभान ने संदेह दूर करने के लिए रात को मोबाइल घर में ही छोड़ दिया और चला गया। फिर देर रात घर लौटा तो सब ठीक था। अगले दिन मंगलवार को सूरजभान अपने काम पर निकला तो थोड़ी देर में पूजा ने उसे कॉल किया और फिर झगड़ा शुरू हो गया। सूरजभान ने बताया कि पूजा ने उसे घर आने के लिए कहा। जब वह पहुंचा तो पूजा अंदर थी और खुद पर केरोसीन डाल दरवाजा बंद कर रखा था। दोनों बच्चों को उसने अपने मायके भेज दिया था। खिड़की से उसने देखा तो पूजा को यह सब करने से मना किया। इसके बावजूद दोनों में झगड़ा होता रहा। इस पर सूरजभान ने दरवाजा तोड़ दिया और जैसे ही अंदर गया, पूजा ने खुद को आग लगा ली। यह देख सूरजभान ने उसे बचाने का प्रयास किया। किसी तरह से आग बुझाई और उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने बताया कि पूजा की हालत गंभीर है, और वह करीब 70 फीसदी झुलस चुकी है। वहीं पूजा को बचाने की चक्कर में सूरजभान के दोनों हाथ भी झुलस गए थे। इसके बाद जिला अस्पताल की ओर से पुलिस को सूचना दी गई है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल पूजा का उपचार बर्न यूनिट में चल रहा है। सूरजभान ने किसी भी प्रताड़ना से इनकार किया है।

Advertisement Carousel