
कोरबा, (खटपट न्यूज़)। कोरबा जिले के अतिथि शिक्षकों ने डीईओ को ज्ञापन सौंपकर मानदेय भुगतान कराने का आग्रह किया है।
इन्होंने कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल व जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में बताया है कि प्रशासन द्वारा 18/10/2019 को अतिथि शिक्षकों की भर्ती हेतु विज्ञापन जारी किया गया था जिसमें माह नवंबर 2019 में प्राथमिक, मिडिल, हाई व हायर सेकेंडरी में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। यह नियुक्ति नियमित शिक्षकों के पदभार ग्रहण करते तक प्रभावी है । बताया गया कि नियुक्ति के बाद से आज पर्यंत अतिथि शिक्षकों को मानदेय प्राप्त नहीं हुआ है जो कि 16 हजार रुपये प्रति माह निर्धारित है। कोरोना संकट काल में मानदेय नहीं मिलने से आर्थिक समस्या से अतिथि शिक्षकों को जूझना पड़ रहा है। अतिथि शिक्षकों ने जिला शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार पांडेय से मानदेय भुगतान कराने का आग्रह किया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान मयादास मानिकपुरी, प्रदीप सोनी, महेंद्र महंत, राहुल पाटले, जय प्रकाश कुर्रे, राजकुमार, रामलाल यादव, प्रवीण कुमार, अशोक कुमार, कविता पांडेय, दीपक, संतकुमार पैकरा, बुधराम सिंह, दुर्गा प्रसाद, रघुनाथ सिंह, लक्ष्मी नारायण साहू आदि उपस्थित थे।















