
कोरबा(खटपट न्यूज़)।पिछली मध्य रात को बिजली गुल होने के कारण चिमनी जलाकर सो रहे पति-पत्नी हादसे का शिकार हो गए।
रामपुर चौकी क्षेत्र के पोड़ीबहार बस्ती में मुकेश कंवर पत्नी सुनीता के साथ रहता है। सोमवार रात बिजली गुल होने के कारण मुकेश ने घर में चिमनी जलाया था। कुछ देर के बाद मुकेश व पत्नी सो गए। इसी दौरान रात करीब 2 बजे बिस्तर में चिमनी के गिर जाने से आग लग गई। आग ने पत्नी को चपेट में ले लिया जिससे नींद खुल गई तो दोनों ने खुद को लपटों में घिरा पाया। मुकेश ने पत्नी के कपड़ों में लगी आग बुझाकर उसे बचाने का प्रयास किया तो वह भी झुलस गया । शोर-शराबा सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए थे। दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने बताया कि सुनीता 90 प्रतिशत जल व मुकेश 70 प्रतिशत तक झुलस गया है। दोनों की हालत गंभीर है।















