
कोरबा(खटपट न्यूज़)। आम आदमी पार्टी के कोरबा लोकसभा अध्यक्ष द्वारा कुछ स्थानीय कार्यकर्ताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की आशंका से निलंबित कर उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द कर दी गई थी। कोरबा लोकसभा टीम के पदाधिकारी अब्दुल नफीस खान (अधिवक्ता) समेत कई अन्य कार्यकर्ता निलंबन सूची में शामिल थे।
जिला मीडिया प्रभारी मुशाहिद अंसारी ने बताया कि निलंबित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश समिति से इस मामले को संज्ञान में लेने की अपील की थी जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी के प्रदेश संयोजक कोमल हूपेंडी की अनुशंसा पर कोरबा जिला अध्यक्ष सतेंद्र यादव व जिला समिति की सर्वसम्मति से उपरोक्त सभी कार्यकर्ताओं का निलंबन वापस लेते हुए उनकी प्राथमिक सदस्यता को बहाल करने का फैसला लिया गया है। जिला अध्यक्ष ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सभी कार्यकर्ताओं का पार्टी में ससम्मान स्वागत कर उनको पहुंचे मानसिक कष्ट के लिए खेद प्रकट किया है। अपील की गई है कि वे राष्ट्र निर्माण अभियान से एक कर्मठ कार्यकर्ता के तौर पर फिर से जुड़ते हुए पार्टी में अपने दायित्वों को संभालें और संगठन को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।















