मंदिर हसौद नगर पालिका में ग्रामीणों का हंगामा, मुख्य गेट पर जड़ा ताला
मंदिर हसौद नगर पालिका के बाहर प्रदर्शन, गेट पर ताला लगाकर जताया विरोध

रायपुर। मंदिर हसौद स्थित नगर पालिका परिषद में सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्डों की समस्याओं और अधिकारियों की कथित अनदेखी से नाराज लोगों ने नगर पालिका के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।जानकारी के अनुसार, रायपुर जिले की नगर पालिका परिषद मंदिर हसौद में ग्रामीण लंबे समय से वार्डों की मूलभूत समस्याओं को लेकर शिकायत कर रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार लिखित और मौखिक शिकायत देने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसी से नाराज होकर सोमवार को बड़ी संख्या में लोग नगर पालिका कार्यालय पहुंच गए और मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन के दौरान महिलाएं हाथों में तख्तियां लेकर अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करती नजर आईं। तालाबंदी के बाद ग्रामीण नगर पालिका परिसर के बाहर ही धरने पर बैठ गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और नगर पालिका का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया।ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी जायज मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जरूरत पड़ने पर वे चक्काजाम कर सड़क पर उतरने से भी पीछे नहीं हटेंगे।नगर पालिका मंदिर हसौद पालिका में पदस्थ सीएमएचओ पूजा पिल्ले के खिलाफ नाराज ग्रामवासियों ने मोर्चा खोलते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए यहाँ से हटाने की मांग की।















