
कोरबा। श्री गुजराती समाज, जलाराम सेवा समिति, कोरबा की ओर से इस वर्ष पहली बार मां भवानी की ध्वजा यात्रा का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। जगत जननी मां भवानी के जयकारों के बीच निकाली गई इस यात्रा में समाज के श्रद्धालुओं और महिला मंडल की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

ध्वजा यात्रा श्री दिलीप भाई मकवाना के निवास स्थान से प्रारंभ होकर जलाराम मंदिर पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां भवानी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। समाज के सदस्यों और महिला मंडल की उपस्थिति से आयोजन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

आयोजन में शामिल सभी श्रद्धालुओं के लिए दिलीप भाई मकवाना परिवार की ओर से नाश्ते की व्यवस्था की गई। श्री गुजराती समाज जलाराम सेवा समिति ने ध्वजा यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समिति ने समाज के सभी सदस्यों से सपरिवार नवरात्रि उत्सव में शामिल होकर मां भवानी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की। आयोजन के माध्यम से समाज में धार्मिक आस्था, एकजुटता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया।
















