
कोरबा। ऊर्जा नगरी कोरबा में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में 100 बेड की आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त स्वास्थ्य संस्था शिवाय हॉस्पिटल का शुभारंभ 7 मार्च शनिवार को अंचलवासियों के लिए किया जा रहा है।
प्रेस क्लब तिलक भवन में आयोजित पत्रवार्ता में शिवाय हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. डिविक मित्तल ने बताया कि अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों, नवीनतम तकनीक एवं अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम से सुसज्जित यह अस्पताल क्षेत्र के नागरिकों को उच्चस्तरीय, सुरक्षित एवं समयबद्ध उपचार प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। अस्पताल परिसर को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है, जहाँ स्वच्छता, सुरक्षा एवं रोगी सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। अस्पताल में 24 घंटे आपातकालीन सेवा उपलब्ध रहेगी। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ एवं आधुनिक उपकरण निरंतर उपलब्ध रहेंगे। भर्ती मरीजों के लिए वातानुकूलित वार्ड, प्राइवेट एवं सेमी-प्राइवेट कक्ष की व्यवस्था की गई है। साथ ही मरीज के परिजनों के ठहरने हेतु समुचित एवं सुरक्षित सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। हाईजेनिक भोजन कक्ष की व्यवस्था अस्पताल परिसर में ही की गई है, जिससे रोगियों को संतुलित एवं स्वच्छ आहार मिल सके। अस्पताल में न्यूरो सर्जरी, शिशु रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, हड्डी रोग, जनरल सर्जरी, फिजियोथेरेपी तथा रेडियोलॉजी जैसे प्रमुख विभाग संचालित रहेंगे। बच्चों के लिए समर्पित आईसीयू, 20 बेड का अत्याधुनिक नवजात शिशु आईसीयू था 20 बेड का वयस्क आईसीयू की विशेष सुविधा उपलब्ध रहेगी। चार अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर स्थापित किए गए हैं, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हैं। डायलिसिस यूनिट की सुविधा भी अस्पताल में उपलब्ध रहेगी, जिससे किडनी रोग से पीडि़त मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल सकेगा। डायग्नोस्टिक सेवाओं के अंतर्गत सीटी स्कैन, सोनोग्राफी, डिजिटल एक्स-रे, सी-एआरएम मशीन (विशेष रूप से हड्डी रोग सर्जरी हेतु), एनसीयू एवं ईएमसी जैसी उन्नत सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी। इससे रोग की त्वरित एवं सटीक पहचान कर उपचार प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जा सकेगी। वर्तमान समय में बदलते जलवायु परिदृश्य, बढ़ती जनसंख्या एवं आकस्मिक स्वास्थ्य चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए शिवाय हॉस्पिटल की स्थापना की गई है। अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार प्रदान करना नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और समर्पण के भाव के साथ स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना है। शिवाय हॉस्पिटल अंचलवासियों के स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्ध है और किसी भी समय, किसी भी आपात स्थिति में सेवा प्रदान करने हेतु तत्पर रहेगा। पत्रवार्ता में डॉ. आस्था वैष्णव, डॉ. अमन श्रीवास्तव, डॉ. यशा मित्तल उपस्थित थे।
















