Tuesday, July 7, 2026
Home कोरबा ऊर्जा नगरी में 24 घंटे अंधेरे में डूबी एसईसीएल कॉलोनियां, पेयजल संकट...

ऊर्जा नगरी में 24 घंटे अंधेरे में डूबी एसईसीएल कॉलोनियां, पेयजल संकट से बढ़ी परेशानी


कोरबा। देश की ऊर्जा राजधानी कहे जाने वाले कोरबा में एसईसीएल कोरबा क्षेत्र की पंद्रह ब्लॉक पंप हाउस, जेपी कॉलोनी और सुभाष ब्लॉक कॉलोनी करीब 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से अंधेरे में डूबी रहीं। सोमवार दोपहर से मंगलवार दोपहर तक बिजली नहीं रहने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक भी विद्युत आपूर्ति पूरी तरह सामान्य होने अथवा समस्या के स्थायी समाधान को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
लंबे समय तक बिजली बंद रहने से पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई, जिससे दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। घरेलू कामकाज प्रभावित होने के साथ ही लोगों को पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा।
कॉलोनीवासियों और कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों की लापरवाही और समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या लंबे समय तक बनी रही। उनका कहना है कि जिन कर्मचारियों के दम पर देश के विभिन्न ताप विद्युत संयंत्रों तक कोयले की आपूर्ति होती है, उन्हीं कर्मचारियों के परिवारों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है।
रहवासियों ने एसईसीएल प्रबंधन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा कॉलोनियों की विद्युत व्यवस्था को स्थायी और भरोसेमंद बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी सुधार एवं प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जवाबदेही तय करने की भी मांग की गई है।

Advertisement Carousel