
कोरबा (खटपट न्यूज़ )। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित श्री मुक्तेश्वर महादेव मंदिर समिति के तत्वावधान में गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की सुसज्जित रथयात्रा बैंड-बाजे और जयघोष के बीच कॉलोनी के प्रमुख मार्गों से होकर निकली।

रथयात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने भाग लेकर भगवान जगन्नाथ का रथ खींचा तथा दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन में महापौर संजू देवी राजपूत व पार्षद नरेन्द्र देवांगन भी शामिल हुए।

उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्री जगन्नाथ का रथ खींचा और क्षेत्रवासियों को रथयात्रा महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु जय जगन्नाथ के जयकारों से वातावरण को गुंजायमान करते रहे।

















