Thursday, March 12, 2026
Home छत्तीसगढ़ मंदिर हसौद में CMO पर तानाशाही का आरोप, नगर पालिका अध्यक्ष ने...

मंदिर हसौद में CMO पर तानाशाही का आरोप, नगर पालिका अध्यक्ष ने किया नगर बंद का ऐलान

रायपुर। नगर पालिका परिषद मंदिर हसौद के अध्यक्ष गोपाल चतुर्वेदी ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी पूजा पिल्ले की कार्यप्रणाली के विरोध में 16 मार्च को नगर बंद और नगर पालिका कार्यालय में ताला बंद करने की घोषणा की है। इस संबंध में उन्होंने 11 मार्च को जिला कलेक्टर रायपुर को लिखित सूचना भी प्रेषित की है।अध्यक्ष चतुर्वेदी ने पत्र में उल्लेख किया है कि नगर पालिका परिषद मंदिर हसौद में पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा मनमानी एवं तानाशाहीपूर्ण कार्यप्रणाली अपनाई जा रही है।

साथ ही प्रशासनिक अनियमितताओं, राजस्व हानि, मूलभूत नागरिक सुविधाओं की उपेक्षा तथा निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ अमर्यादित व्यवहार जैसे आरोप लगाए गए हैं।उन्होंने बताया कि इन सभी विषयों को लेकर 12 फरवरी 2026 को जिला कलेक्टर रायपुर को विस्तृत लिखित शिकायत दी गई थी, जिसमें सात दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया था। शिकायत की प्रतिलिपि संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग रायपुर तथा संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग रायपुर संभाग को भी भेजी गई थी। इसके बावजूद निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं होने से नगर के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ गई है।

इसी के विरोध में 16 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे नगर पालिका कार्यालय में एक दिवसीय ताला बंद और नगर बंद किया जाएगा। इसके बाद उसी दिन से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की भी घोषणा की गई है।अध्यक्ष चतुर्वेदी ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रशासन से कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया है।इस संबंध में थाना प्रभारी मंदिर हसौद सहित नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अधिकारियों को भी सूचना की प्रतिलिपि भेजी गई है।

Advertisement Carousel