बंगाल में जमकर भ्रष्टाचार, इसलिए बदली मनरेगा योजना : धरमलाल कौशिक

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम को लेकर ली पत्रवार्ता

कोरबा (खटपट न्यूज)। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता धरमलाल कौशिक ने कहा कि मनरेगा योजना की आड़ में पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में जमकर भ्रष्टाचार हुआ। करोड़ों रुपए हजम किए गए और कोई काम नहीं हुआ। व्यापक स्तर पर गड़बड़ी हुई। इन सभी के सामने आने पर मनरेगा को बदला गया और नई योजना लॉन्च की गई।


सोमवार को कोरबा में प्रेस कान्फ्रेंस में धरमलाल कौशिक ने यह बात कही और विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम 2025 को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का आधार बताया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, प्रदेश मंत्री सुश्री रितु चौरसिया, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, अशोक चावलानी उपस्थित रहे। श्री कौशिक ने कहा कि यह अधिनियम किसानों, मजदूरों और गरीबों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद अपने पहले संसदीय भाषण में ही नरेंद्र मोदी ने सरकार को गरीबों के नाम समर्पित बताया था, जिसके अनुरूप घर-घर बिजली, शौचालय, आवास, जनधन खाते जैसी ऐतिहासिक योजनाएँ लागू की गईं। श्री कौशिक ने कहा कि मजदूरी भुगतान सात दिनों के भीतर अनिवार्य होगा। यदि तय समय सीमा में भुगतान नहीं होता है तो विलंबित भुगतान पर मजदूर को अतिरिक्त राशि दी जाएगी, जो मजदूरी पर ब्याज के समान होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनरेगा में पूर्व में सामने आने वाली फर्जी मास्टर रोल, मशीनों के दुरुपयोग और धांधली जैसी शिकायतों का यह नया अधिनियम स्वत: समाधान करेगा। पारदर्शिता बढ़ेगी और वास्तविक मजदूरों को सीधा लाभ मिलेगा।

Advertisement Carousel