Friday, April 10, 2026
Home कोरबा KORBA:24 को भव्य शोभायात्रा की तैयारी में जुटे रामभक्त

KORBA:24 को भव्य शोभायात्रा की तैयारी में जुटे रामभक्त

0 26 जनवरी को पुराना बस स्टैंड में श्री राम विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा
कोरबा(खटपट न्यूज़)। नवनिर्मित मनोकामना सिद्ध श्री राम हनुमान मंदिर पुराना बस स्टैंड में श्री राम दरबार विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 26 जनवरी को वसंत पंचमी के शुभ अवसर पर किया जाएगा। इसकी तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।

नगर के राम भक्तों के द्वारा इससे पहले 24 जनवरी, मंगलवार को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभा यात्रा की तैयारियों में जुटे एवं पूरे आयोजन में अहम भूमिका निभा रहे सत्या जायसवाल ने बताया कि 24 जनवरी को सुबह 8:30 बजे कलश यात्रा हनुमान मंदिर से निकाली जाएगी और मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी। इसी दिन दोपहर 3:30 बजे से श्री राम दरबार की भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी। महात्मा गांधी मार्ग स्थित श्री सप्तदेव मंदिर से पूजा-अर्चना कर प्रारंभ होने वाली श्री राम शोभायात्रा मुख्य मार्ग होते हुए अग्रसेन चौक पहुंचकर वापस पुराना बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर में विश्राम लेगी। इसके पश्चात शाम को 7 बजे से नियमित श्री हनुमान चालीसा का संगीतमय पाठ किया जाएगा।

भव्य शोभायात्रा एवं विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। इन दोनों ही कार्यक्रमों के लिए हिंदूवादी संगठनों सहित नगर के श्रद्धालुजन खुले हाथों से अपना सहयोग यथासंभव प्रदान कर रहे हैं। सबकी सहभागिता से आयोजनों को सफल बनाने की तैयारी जारी है। आयोजन समिति ने नगर के श्रद्धालुजनों से भव्य शोभायात्रा एवं प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में सपरिवार शामिल होने का आग्रह किया है।

Advertisement Carousel