0 निजात की तर्ज पर सड़क सुरक्षा अभियान है “हिफाजत”
0 सड़क दुर्घटना एवं मौतों को रोकने एसपी की पहल
कोरबा (खटपट न्यूज)। अवैध नशे के विरुद्ध जिला पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह द्वारा चलाए जा रहे निजात अभियान की तर्ज पर अब सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हिफाजत अभियान शुरू किया गया है। सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या एवं मौतों के मद्देनजर हिफाजत अभियान की शुरुआत 11 जनवरी को सड़क सुरक्षा सप्ताह के रूप में की गई है।

यातायात पुलिस के अधिकारी और जवान अभियान का क्रियान्वयन करने मुस्तैदी से जुट गए हैं। यातायात विभाग के पदस्थ एएसआई मनोज राठौर ने अन्य यातायात कर्मियों के साथ टीपी नगर चौक पर जहां वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरुक किया वहीं ऐसे चारपहिया व दोपहिया वाहन चालक जिनके द्वारा नियमों का पालन करना पाया गया, उन्हें गुलाब फूल भेंटकर आभार व्यक्त किया गया। हेलमेट पहनकर बाइक चलाने और चारपहिया वाहन चलाते समय चालक सहित बगल की सीट पर बैठे लोगों के द्वारा सीट बेल्ट का उपयोग किए जाने पर उन्हें गुलाब फूल देकर सम्मानित किया गया। इस अभियान को लोगों की सराहना मिलने लगी है।

0 तीन चरणों में जागरुकता अभियान
सड़क दुर्घटना के कारणों के अध्ययन में पाया गया कि लगभग 40 प्रतिशत मौतें नशे की हालत में वाहन चलाने से होती है। दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस अब तीन चरणों में काम करेगी। अभियान के प्रथम चरण में पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाकर यातायात के नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। दूसरे चरण में यातायात नियमों का उल्लंघन करने व नशे की हालत में वाहन चला रहे लोगों पर प्रभावी कार्यवाही की जाएगी। उनका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराया जाएगा, नशे के हालत में वाहन चलाते पाए गए वाहनों को जप्त कर वाहन मालिकों के विरुद्ध भी कठोर कार्यवाही किया जाएगा।
0 विभागों से समन्वय स्थापित करेंगे
अभियान के तीसरे चरण में पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, एनएचएआई सहित अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों को ब्लैक स्पॉट घोषित कर वहां सचेतक बोर्ड लगाए जाएंगे। सीमित गति रखने हेतु स्टॉपर, जिगजैग, रम्बलर ब्रेकर बनाए जाएंगे। मोड़, डिवाइडर सहित खतरनाक स्थानों पर रेडियम पट्टी लगाई जाएगी। निजात अभियान के तर्ज पर ही स्कूल, कालेजों, हाट-बाजारों, गांवों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अभियान चलाकर यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल सहायता पहुंचाने एवं हाईवे पर अपराधों की रोकथाम हेतु हाईवे पेट्रोलिंग की 2 वाहन भी तैनात किए गए हैं।
0 एसपी ने की यह अपील

जिला पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह नेे आमजन से यातायात जागरुकता और सड़क सुरक्षा सप्ताह अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु आग्रह किया है। उन्होंने यातायात नियमों के पालन में अपना योगदान देने व निजात अभियान की तरह ही हिफाजत अभियान में भी बढ़-चढ़कर सहभागिता देने हेतु जिलावासियों से अपील की है।















