
कोरबा(खटपट न्यूज़)। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत सरकारी दफ्तरों में अधिकारी और कर्मचारी शासन द्वारा निर्धारित समय पर नहीं पहुंच रहे हैं। यह अक्सर आए दिन की बात है और जब भी इस पर सवाल किए जाते हैं तो कोई ना कोई रटा-रटाया जवाब देकर पल्ला झाड़ लेते हैं।

राज्य सरकार द्वारा सप्ताह में कार्य अवधि घटाकर 5 दिन कर दी गई है। सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों को शनिवार को भी अवकाश प्राप्त होता है लेकिन इस सुविधा के बाद भी अनेक अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय में विलंब से पहुंचने की आदत नहीं छोड़ पा रहे हैं।

जिले के तहसील कार्यालय करतला, जनपद पंचायत कार्यालय करतला, वरिष्ठ कृषि अधिकारी कार्यालय करतला में अधिकारी-कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचते हैं। वरिष्ठ कृषि अधिकारी कार्यालय के भृत्य द्वारा बताया गया कि सभी का प्रशिक्षण कटघोरा में हैं तो सभी वहीं गये हैं।

अब क्या सभी अधिकारी- कर्मचारी को प्रशिक्षण एक ही दिन देना संभव है? क्या भृत्य के भरोसे कार्यालय को छोडकर सभी प्रशिक्षण लेने जा सकते हैं अन्य दफ्तरों में भी सुबह 10 से शाम 5:30 बजे के निर्धारित कार्यालय समय में से अधिकांश समय अधिकारी-कर्मचारी नदारद रहते हैं। इसकी एक बड़ी और प्रचलित वजह अनेक अधिकारी व कर्मचारियों का मुख्यालय के बाहर स्थित निवास से आना-जाना है।
















