Saturday, March 28, 2026
Home कोरबा KORBA : अधिवक्ता कमलेश को जमानत नहीं,अधिवक्तागण कल नहीं करेंगे कामकाज

KORBA : अधिवक्ता कमलेश को जमानत नहीं,अधिवक्तागण कल नहीं करेंगे कामकाज

0 अपर सत्र न्यायाधीश कटघोरा न्यायालय ने निरस्त किया आवेदन
0 फर्जी जमानतदार प्रस्तुत कर न्यायालय से जमानत कराने का है मामला

कोरबा (खटपट न्यूज)। न्यायालय में फर्जी जमानतदार प्रस्तुत कर जमानत कराने के प्रकरण में तथ्यों के संकलन उपरांत आरोपी बनाए गए कोरबा निवासी अधिवक्ता कमलेश साहू को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया गया है। पूर्व में पाली के न्यायिक मजिस्ट्रेट ने अधिवक्ता का जमानत आवेदन निरस्त कर दिया। इसके उपरांत अपर सत्र न्यायाधीश कटघोरा के न्यायालय में जमानत आवेदन अधिवक्ता कमलेश साहू की ओर से प्रस्तुत किया गया था जिसे आज विचारण उपरांत न्यायाधीश ने निरस्त कर दिया। जमानत आवेदन निरस्त होने के बाद अब लंबे समय तक जेल में रहना पड़ सकता है। उन्हें हाईकोर्ट से ही राहत की उम्मीद की जा रही है।
इधर दूसरी ओर जिला अधिवक्ता संघ के सदस्य कमलेश साहू को पुलिस अधिकारी द्वारा दुर्भावनापूर्ण तरीके से आपराधिक मामले में फंसाने तथा न्यायालय आते समय रास्ता रोक कर गिरफ्तार करने के विरोध स्वरूप जिला अधिवक्ता संघ, कोरबा के द्वारा एक दिन कामकाज नहीं किया जाएगा। जिला अधिवक्ता संघ के सचिव नूतन सिंह ठाकुर ने बताया कि सभी अधिवक्तागण 15 दिसंबर गुरुवार को न्यायालयीन कार्यों से विरत रहेंगे।

विदित हो कि पुलिस चौकी हरदीबाजार द्वारा वर्ष 2022 में कबाड़ चोरी के आरोप में आरोपी पवन कुमार श्रीवास्तव एवं जमीर अहमद मंसूरी को गिरफ्तार कर न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी न्यायालय पाली में प्रस्तुत किया गया था। अधिवक्ता कमलेश साहू द्वारा न्यायालय में फर्जी जमानतदार प्रस्तुत कर जमानत कराया गया। न्यायालय के आदेश पर पाली पुलिस द्वारा आरोपी अधिवक्ता राजेश राठौर व कमलेश साहू ,मंटोरा बाई एवं कुंवरिया बाई को मामले में आरोपी बनाया गया था। कमलेश साहू को कुछ दिनों पूर्व पाली पुलिस द्वारा पकड़ा गया। पुलिस की ओर से बताया गया कि अधिवक्ता कमलेश साहू के रिश्ते में भाई मुकेश साहू जो कि कबाड़ व्यवसायी है ,करीब 3 माह से कोरबा जेल में निरूद्ध है। उसके विरुद्ध भी चोरी के कबाड़ सामग्री का फर्जी बिल तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर सुपुर्दनामा पर प्राप्त करने का प्रयास करने का आरोप है।

Advertisement Carousel