
कोरबा(खटपट न्यूज़))। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण केन्द्र बरपाली के अंतर्गत ग्राम देवलापाठ में ग्रामीण वर्षों से लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। इसके कारण ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में शिकायत कई बार विभाग में दी जा चुकी है लेकिन समस्या जस की तस बनी है। वर्तमान में 100 केव्ही क्षमता का ट्रांसफार्मर स्कूल के पास लगा हुआ है जिसे 200 केव्ही क्षमता में परिवर्तित करने से ही लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान स्थायी रूप से हो सकेगा। इसी प्रकार प्राथमिक शाला के ऊपर एलटी लाइन गुजरा हुआ है जिसका तार काफी पुराना होने के कारण जर्जर अवस्था में है और कई बार कई जगह से टूट चुका है। ऐसे जर्जर और पुराने तार के कारण गंभीर हादसा होते-होते बचा है। उक्त पुराने तार को बदलना अति आवश्यक है। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेन्द्र कुमार बिंझवार ने इस संबंध में अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण केन्द्र कोरबा तथा कनिष्ठ यंत्री बरपाली को 24 अगस्त को ज्ञापन सौंपकर 5 दिवस के भीतर समाधान की मांग की है। समाधान न होने पर कोरबा-चाम्पा मुख्य मार्ग में चक्काजाम आंदोलन की बाध्यता जाहिर की है।
















