कोरबा(खटपट न्यूज़)। छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग मंत्रालय,रायपुर के द्वारा जारी किए गए तबादला आदेश का पालन तत्काल प्रभाव से नहीं किया जा रहा है। कोरबा जिले के आदिवासी विकास विभाग सहायक आयुक्त कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड- 3 अमन कुमार राम का तबादला 30 सितंबर 2022 को मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के तहत जनपद पंचायत पाली मुख्य कार्यपालन अधिकारी के कार्यालय में समान पद पर किया गया है। तबादला किए जाने के बाद स्पष्ट निर्देश है कि यह तत्काल प्रभाव से प्रभावित होगा लेकिन लगभग डेढ़ माह का समय बीत जाने के बाद भी अमन कुमार राम को सहायक आयुक्त कार्यालय से रिलीव नहीं किया जा सका है। विभागीय गलियारे से खबर है कि अमन राम को काफी विश्वासपात्र बनाकर रखा गया है और उन्हें यहां से भेजने की मंशा नहीं है और अमन कुमार राम भी शासन के तबादला आदेश का पालन करने में कोई रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इसी विभाग में कार्यरत सहायक ग्रेड 2 अरुण कुमार दुबे का तबादला सहायक आयुक्त कार्यालय जीपीएम जिला कर दिया गया है जो यहां से उसी दिन रिलीव कर दिए गए लेकिन अमन कुमार राम पर विशेष कृपा सवालों के घेरे में है। वैसे जनपद पंचायत पाली में भी सहायक ग्रेड 3 का एक पद रिक्त बताया जा रहा है और पद रिक्त होने के कारण कामकाज में प्रभाव उत्पन्न होना लाजमी है।
इस बारे में विगत दिनों सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग माया वारियर से जानकारी लेने पर उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत पाली में अमन कुमार राम को किस पद पर पदस्थ किया गया है, यह तबादला आदेश में स्पष्ट नहीं है इसलिए उन्हें रिलीव नहीं किया गया है।
अब श्रीमती वारियर का यह जवाब कुछ अटपटा सा भी है क्योंकि जनपद कार्यालय में पदस्थापना के बाद सीईओ के द्वारा क्या काम लिया जाना है, क्या दायित्व सौंपा जाना है यह उन पर निर्भर है लेकिन तबादला तो कार्यालय से कार्यालय हुआ है और इसके आधार पर अमन कुमार राम को कार्यमुक्त कर दिया जाना चाहिए था। ऐसा न करके विभाग और शासन के आदेश को सवालों के घेरे में ला दिया गया है।
















