
कोरबा(खटपट न्यूज़)। सिटी कोतवाली अंतर्गत मानिकपुर चौकी क्षेत्र में जमीन विवाद के एक मामले ने हिंसक रूप ले लिया। बुधवारी बाजार बायपास मार्ग पर पेट्रोल पंप के संचालक केएल प्रसाद पर रविवार सुबह जानलेवा हमला किया गया। पेट्रोल पंप के पीछे मौजूद अपनी जमीन का चिन्हांकन करने श्री प्रसाद पहुंचे थे तभी अंजोरा बाई नामक महिला के पूरे परिवार ने उन पर हमला कर दिया। फावड़ा,लाठी,डंडे के साथ पूरा परिवार केएल प्रसाद पर टूट पड़ा। मारपीट की इस घटना में पंप संचालक को काफी चोट लगी है जिसकी शिकायत पुलिस से की गई है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित कन्हैया लाल प्रसाद के बुधवारी बायपास मार्ग कुआंभट्ठा में संचालित पेट्रोल पंप के पीछे उसकी जमीन मौजूद है जिस पर वहीं रहने वाली अंजोरा बाई का परिवार अपना हक जताता है। जमीन का यह विवाद काफी साल पुराना है और न्यायालय में विचाराधीन है। केएल प्रसाद विवादित जमीन को छोड़कर अपनी दूसरी ग़ैरविवादित जमीन पर जरूरी निर्माण कार्य के लिए मजदूरों के साथ चूना से चिन्हांकन करने पहुंचे थे तभी अंजोरा बाई के परिवार ने विवाद करते हुए लाठी,फावड़ा सहित अन्य हथियारों के साथ हमला कर दिया। प्रसाद को बंधक बनाकर उन पर पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास भी किया गया लेकिन मौजूद लोगों ने इसे नाकाम कर दिया। इस बीच सूचना मिलते ही मौके पर मानिकपुर पुलिस यहां पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। इस घटना में पेट्रोल पंप संचालक को काफी चोट लगी है। पीड़ित परिवार ने बताया कि अंजोरा बाई का परिवार उस क्षेत्र में काफी विवादित है। उनके द्वारा लोगों की जमीन हड़पने हर तरह का हथकंडा अपनाया जाता है। खुद पर हुए जानलेवा हमले की शिकायत मानिकपुर पुलिस से की गई है। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। मौके से पुलिस ने अंजोरा बाई सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया। मामले में बलवा, गाली-गलौच, हत्या का प्रयास,अपहरण कर बंधक बनाने, भयादोहन व जान से मारने की धमकी देने पर धारा 147, 148, 294, 308, 365, 386, 506 भादवि के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।















