
कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा शहर के पावर हाउस रोड नहर मार्ग से बाईपास राताखार जाने वाले मार्ग में बना यह मल्टीलेबल पार्किंग बिल्डिंग सफेद हाथी साबित हो रहा है। इस बिल्डिंग का इस्तेमाल प्रारम्भ नहीं होने के कारण आवारा बदमाश लड़कों एवं चंद लड़कियों और नशेड़ियों का अड्डा होता जा रहा है। यहां लड़के और लड़कियां आपस में ऐसे बैठे रहते हैं जैसे कि उनके लिए ही इसे विशेषकर बनवाया गया हो। नशेबाज यहां जाम छलकाते हुये देखे जा सकते हैं। पास में ही चौक पर यातायात के जवान व पुलिस कर्मी मौजूद रहते हैं लेकिन इन असामाजिक व नशेड़ियों को कोई भय नहीं रहता। ऐसा लगता है मानो,यह नशेड़ियों और अय्याश लोगों को ठिकाना देने के लिए बनवाया गया है।

नगर के जय कुमार राठौर ने कहा है कि इस पर विशेष ध्यान दिया जाय एवं इस बिल्डिंग में चल रहे कृत्य पर ध्यान देते हुए इसे प्रशासनिक व पुलिस अमला को गंभीरता बरतनी होगी,नहीं तो किसी दिन अनहोनी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। सुझाव यह भी है कि जब तक इस पार्किंग का इस्तेमाल नहीं हो रहा है,तब तक यहां पर गार्ड की व्यवस्था की जाय ताकि अनहोनी घटना को रोका जा सके और बिना परमीशन के अंदर घुसने की मनाही हो।
0 नए साल से शुरू करने की सिर्फ औपचारिकता
मल्टीलेबल पार्किंग में भवन निर्माण का कार्य हो चुका है लेकिन उसकी रंगाई-पुताई अभी शेष है। ट्रांसपोर्ट नगर से लेकर पावर हाउस रोड और शहर में बढ़ते यातायात के दबाव खासकर लोगों के द्वारा खरीदारी करने आने के लिए अधिकतर चार पहिया वाहनों का उपयोग करने और इन्हें सड़क किनारे और कभी-कभी बीच सड़क तक बेतरतीब तरीके से खड़े कर देने के कारण बिगड़ते यातायात के मद्देनजर लोगों ने मल्टीलेबल पार्किंग को जल्द प्रारंभ कराने की मांग की है। इसे देखते हुए राजस्व मंत्री एवं शहर विधायक जयसिंह अग्रवाल ने नया वर्ष एक जनवरी 2023 से मल्टीलेबल पार्किंग की सुविधा प्रारंभ करा देने की बात कही थी। उनके इस निर्देश के अनुसार यहां 1 जनवरी से पार्किंग की सुविधा शुरू हुई लेकिन यह एक-दो दिन ही गिने-चुने वाहनों के साथ देखी गई। इसके बाद यहां पार्किंग वीरान है। यहां असामाजिक तत्वों का डेरा लगने लगा है।















