Tuesday, March 24, 2026
Home कोरबा KORBA:टिप्पणी के विवाद में DEO को CEO का पत्र

KORBA:टिप्पणी के विवाद में DEO को CEO का पत्र

0 शिक्षा विभाग ने एक माह में भी नहीं की कोई कार्यवाही,सचिवों ने दी है आंदोलन की चेतावनी

कोरबा(खटपट न्यूज़) )। प्रगणक के तौर पर ड्यूटी का निर्वहन कर रहे एक शिक्षक द्वारा जनपद प्रगणक के व्हाट्सएप ग्रुप में पंचायत सचिवों के कामकाज को लेकर की गई टिप्पणी से सचिवों में अब भी नाराजगी व्याप्त है। उक्त शिक्षक के विरुद्ध कठोर एवं अनुशासनात्मक कार्यवाही की मांग लंबित रहने पर करतला जनपद पंचायत के सीईओ ने हस्तक्षेप करते हुए कार्यवाही करने हेतु जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा है।
गौरतलब है कि जुलाई माह में प्रदेश ग्राम पंचायत सचिव संघ, ब्लाक करतला के अध्यक्ष सत्यनारायण कंवर, सचिव परमानंद राजवाड़े सहित अन्य पदाधिकारियों ने शिकायत किया था। शिकायत के मुताबिक शिक्षक पंचायत वर्ग-2 फलेश्वर राठौर वर्तमान में ग्राम पंचायत मदवानी में पदस्थ है। उसके द्वारा मोबाइल में पंचायत सचिवों की कार्यशैली के संबंध में बहुत ही अशोभनीय, आपत्तिजनक पोस्ट जनपद प्रगणक व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल किया गया है। इससे पंचायत सचिवों के आत्म सम्मान को ठेस पहुंचा है। सचिवों ने कहा है कि जो बातें शिक्षक श्री राठौर द्वारा कही गई है उससे सचिवों के पद, प्रतिष्ठा को भी ठेंस पहुंची है, इसलिए इसके विरुद्ध तीन दिवस के भीतर कठोर अनुशासनात्मक, दण्डात्मक कार्यवाही किया जाए। कार्यवाही नहीं होती है तो पंचायत सचिव अन्य विभाग का कार्य भविष्य में नहीं करेंगे एवं आंदोलन हेतु बाध्य होंगे।
इस मामले में शिक्षा विभाग के द्वारा किसी भी तरह की कार्यवाही नहीं किए जाने से पंचायत सचिव आंदोलन के मूड में हैं। इसे भांपते हुए जनपद सीईओ ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा है। अब देखना है कि जिला शिक्षा अधिकारी इस पत्र पर कितनी गंभीरता दिखाते हैं और संबंधित शिक्षक के विरुद्ध किस तरह की कार्यवाही होती है?

Advertisement Carousel