
कोरबा( खटपट न्यूज़)। कोरबा जिले के जनपद पंचायत करतला के अंतर्गत ग्राम पंचायत उमरेली के सरपंच और पूर्व सचिव के बीच चली आ रही तकरार के कारण मौजूदा सचिव को प्रभार नहीं मिल पा रहा है। सचिव और पूर्व सरपंच के आपसी टशन में पंचायत का कामकाज प्रभावित हो रहा है। सचिव ने वैसे तो यहां का प्रभार मिलने के बाद सामान्य कामकाज शुरू कर दिया है लेकिन वित्तीय प्रभार नहीं मिलने से तकनीकी दिक्कतें कायम हैं।
रींवापार पंचायत के सचिव देवेश राठौर को उमरेली का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उमरेली पंचायत के सचिव धरम भारद्वाज को ग्राम पंचायत कनबेरी का सचिव पदस्थ किया गया है। लगभग 2 माह पहले हुए तबादला से प्रभावित होने के बाद धरम भारद्वाज ने कनबेरी पंचायत का कार्यभार संभाल लिया है लेकिन उमरेली पंचायत के सचिव देवेश राठौर को प्रभार नहीं सौंपा जा सका है। इस संबंध में पिछले दिनों उमरेली पंचायत के सरपंच रमेश कुमार ने कलेक्टर को आवेदन देते हुए बताया कि सचिव देवेश राठौर को प्रभार नहीं मिलने के कारण कामकाज में बाधा उत्पन्न हो रही है और आम जनता को कई तरह के कार्यों के लिए भटकना पड़ रहा है। पूर्व सचिव के द्वारा पंचायत संबंधी सभी रिकॉर्ड दस्तावेज अपने पास रखा गया है जिससे ग्राम पंचायत में किसी भी प्रकार का दस्तावेज उपलब्ध नहीं है इस कारण से कोई कार्य नहीं हो पा रहा है। पूर्व सचिव से वर्तमान सचिव देवेश राठौर को पूर्ण प्रभार दिलाए जाने के संबंध में आदेश देने हेतु सरपंच द्वारा 3 फरवरी 2023 को जिलाधीश के नाम आवेदन दिया गया लेकिन आज तक प्रभार सौंपा नहीं जा सका है।
0 पूर्व सचिव को अपने घर बुलाते हैं सरपंच,डर लगता है
इधर दूसरी और उमरेली के पूर्व सचिव धरम भारद्वाज का कहना है कि अतिरिक्त प्रभार हेतु सचिव देवेश राठौर को उमरेली का चार्ज देने सरपंच से संपर्क करने पर सरपंच के द्वारा अपने घर बुलाया जा रहा है। वह पंचायत भवन में नहीं आ रहे हैं। 30 दिसंबर 2022 6 जनवरी 2023 और 13 जनवरी 2023 को उमरेली पंचायत भवन गया था जहां पंच सुरेश सोनी मौजूद थे लेकिन चार्ज लेने के लिए सरपंच द्वारा अपने घर पर ही बुलाया जा रहा है और देवेश राठौर सचिव को भी घर पर बुलाने के लिए बात हो गया है, कहा जाता है। 21 जनवरी 2023 को सीईओ करतला नागेश द्वारा फोन कर चार्ज देने के लिए कहा गया तो उमरैली गया लेकिन वहां उमरेली से आगे 3 मीटर दूर सरपंच से मुलाकात हुई और तब भी अपने घर आने के लिए कहा और वहां सचिव को बुलाकर लिखा पढ़ी कर पंचायत भवन जाने की बात कही। उस समय कनबेरी जनपद सदस्य पति मनोहर सिंह कंवर भी धरम भारद्वाज के साथ थे। धरम के मुताबिक उन्होंने इसकी जानकारी जनपद सीईओ नागेश और वरिष्ठ करारोपण अधिकारी कलेश्वर कंवर को भी दिया है। उन्होंने भी कहा कि घर नहीं जाना है। इसके बाद अभी तक चार्ज नहीं दे पाया है। धरम का कहना है कि अनहोनी की आशंका से अपने आप को डरा हुआ महसूस कर रहे हैं।
धरम ने इस आशय की सूचना जिला पंचायत सीईओ को भी दिया है। इस तरह सरपंच और पूर्व सचिव के बीच गतिरोध कायम है।















