Saturday, March 28, 2026
Home Uncategorized KORBA:जिले में नहीं एक भी महिला SI और TI,लंबे समय से पोस्टिंग...

KORBA:जिले में नहीं एक भी महिला SI और TI,लंबे समय से पोस्टिंग नहीं

0 महिला संबंधी अपराधों में भी एएसआई व प्रधान आरक्षक से चल रहा काम
कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा जिला पुलिस बल में एक भी महिला उपनिरीक्षक और निरीक्षक स्तर के अधिकारी की पदस्थापना नहीं है। पूर्व में जो पदस्थ थे, वे तबादला पर यहां से जा चुके हैं और इसके बाद से ही दोनों महत्वपूर्ण पदों पर महिला अधिकारी नहीं भेजे जा सके हैं। इनके अभाव में मात्र दो महिला एएसआई व गिनती के प्रधान आरक्षकों से महिला संबंधी संवेदनशील अपराधों की एफआईआर और विवेचना में काम चलाया जा रहा है।

महिला संबंधी बढ़ते अपराधों के मद्देनजर महिला थाना, महिला सेल, परिवार परामर्श केंद्र की स्थापना जिले में हुई है, लेकिन इसके लिए आवश्यक महिला अधिकारियों की कमी लगातार बनी हुई है। जिले में घरेलू विवाद से लेकर नाबालिग लड़कियों, किशोरियों, युवतियों और महिलाओं के साथ छेड़छाड़, दुराचार, दुष्कृत्य जैसी घटनाओं में विवेचना के लिए इनकी अहम भूमिका होती है। दुष्कर्म एवं पाक्सो एक्ट के मामलों में पीड़ित की फरियाद सुनने और लिखने के लिए सक्षम महिला पुलिस अधिकारी का प्रावधान है। इसके विपरीत जिले में एक भी महिला एसआई और निरीक्षक नहीं होने के कारण व्यवहारिक और तकनीकी दिक्कतें पेश आ रहीं हैं। हालांकि विभाग के द्वारा किसी तरह इनकी कमी में भी काम चलाया जा रहा है। जिले में एएसआई नीलम केरकेट्टा और अनिता खेस तथा 13 महिला प्रधान आरक्षक पदस्थ हैं। महिला संबंधी संवेदनशील व पाक्सो के मामलों में इन्हीं दो एएसआई को या तो एफआईआर के लिए जिले भर में भेजा जाता है या फिर फरियादी को इनके समक्ष प्रस्तुत करने लाया जाता है। पाक्सो व महिला अपराधों की विवेचना इन्हीं दो एएसआई और प्रधान आरक्षकों के जिम्मे है। महिला सेल अथवा परिवार परामर्श केंद्र में भी एएसआई को प्रभारी बतौर पदस्थ किया गया है जबकि यहां निरीक्षक अथवा उपनिरीक्षक स्तर की अधिकारी होना चाहिए। इसी तरह कोतवाली व अन्य थाने में निर्मित महिला डेस्क भी खाली-खाली हैं। जिले में वीवीआईपी, वीआईपी के आगमन और विभिन्न आयोजनों, धरना-प्रदर्शन आदि के मौके पर कानून व्यवस्था के लिए इनकी भी ड्यूटी लगाए जाने से व्यवस्था किसी न किसी रूप में प्रभावित हो जाती है।

0 गायत्री-भावना के बाद नहीं आया कोई
बता दें कि इससे पहले जिले में उप निरीक्षक श्रीमती गायत्री शर्मा महिला परिवार परामर्श केंद्र/महिला सेल की प्रभारी थीं जिनका निरीक्षक पदोन्नति उपरांत तबादला हुआ है। पूर्व के महीनों में कोतवाली में पदस्थ निरीक्षक श्रीमती भावना खंडारे का भी तबादला हो चुका है। यहां दर्री में सीएसपी सुश्री लितेश सिंह पदस्थ थीं, जिनका भी तबादला हो चुका है।
0 जल्द ही होगी पदस्थापना: एसपी

जिला पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने कहा है कि जिले में महिला पुलिस अधिकारियों की कमी बनी हुई है और इसे जल्द ही पूर्ण करने की आवश्यकता है। महिला एसआई और निरीक्षक स्तर के अधिकारी की कमी होने की जानकारी विभागीय स्तर पर दी जा चुकी है, उम्मीद है कि जल्द ही पदस्थापना मिलेगी।

Advertisement Carousel