
कोरबा(खटपट न्यूज़)। गैर शिक्षकीय कार्य से त्रस्त किंतु प्रगणक की ड्यूटी कर रहे एक शिक्षक द्वारा जनपद प्रगणक के व्हाट्सएप ग्रुप में पंचायत सचिवों के कामकाज को लेकर की गई टिप्पणी से सचिवों में नाराजगी व्याप्त है। उक्त शिक्षक के विरुद्ध कठोर एवं अनुशासनात्मक कार्यवाही की मांग करते हुए जनपद पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपा गया है।
प्रदेश ग्राम पंचायत सचिव संघ, ब्लाक करतला के अध्यक्ष सत्यनारायण कंवर, सचिव परमानंद राजवाड़े सहित अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षक पंचायत वर्ग-2 फलेश्वर राठौर वर्तमान में ग्राम पंचायत मदवानी में पदस्थ है। उसके द्वारा मोबाइल में पंचायत सचिवों की कार्यशैली के संबंध में बहुत ही अशोभनीय, आपत्तिजनक पोस्ट जनपद प्रगणक व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल किया गया है। इससे पंचायत सचिवों के आत्म सम्मान को ठेंस पहुंचा है। सचिवों ने कहा है कि जो बातें शिक्षक श्री राठौर द्वारा कही गई है उससे सचिवों के पद, प्रतिष्ठा को भी ठेंस पहुंची है, इसलिए इसके विरुद्ध तीन दिवस के भीतर कठोर अनुशासनात्मक, दण्डात्मक कार्यवाही किया जाए। कार्यवाही नहीं होती है तो पंचायत सचिव अन्य विभाग का कार्य भविष्य में नहीं करेंगे एवं आंदोलन हेतु बाध्य होंगे।















