0 मुख्य अतिथि रहे बैजनाथ चंद्राकर व प्रमोद नायक
कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम बरपाली में शुक्रवार को कृषक सम्मेलन व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। 18 नवंबर को आयोजित यह कार्यक्रम आदिवासी सेवा सहकारी समिति मर्यादित बरपाली के द्वारा आयोजित था जिसमें मुख्य अतिथि अपेक्स बैंक रायपुर के अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर थे एवं अध्यक्षता जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर के अध्यक्ष प्रमोद नायक ने की। इस आयोजन का जहाँ सहकारी समिति बरपाली के द्वारा कांग्रेसीकरण कर दिया गया वहीं रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता ननकीराम कंवर की उपेक्षा की गई।

ग्राम बरपाली रामपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है और क्षेत्र का विधायक होने के साथ-साथ प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री भी रहे हैं। श्री कंवर राजनीति के क्षेत्र में सक्रिय होने के साथ-साथ खेती- किसानी से भी जुड़े हुए हैं और आज भी किसान के तौर पर अपने खेत में काम करते हैं। किसानों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के भाजपा विधायक ननकीराम कंवर को इस तरह से उपेक्षित किए जाने की चर्चा क्षेत्र में व्याप्त है। श्री कंवर का नाम तक आयोजक सहकारी समिति ने आमंत्रण कार्ड में डालना मुनासिब नहीं समझा, उन्हें आमंत्रण देना तो दूर की बात। विपक्ष के विधायक को बुलाना या न बुलाना समिति का निर्णय हो सकता है लेकिन क्षेत्र के सुलझे और राजनीति में तटस्थ रहने वाले लोगों ने क्षेत्रीय विधायक की इस तरह उपेक्षा को अनुचित करार दिया है। कहा है कि इस तरह के आयोजन राजनीति से ऊपर उठकर होने चाहिए। ग्राम बरपाली से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर विधायक ननकीराम कंवर का मूल निवास ग्राम बंधवाभाठा स्थित है। वैसे आयोजन में किसान कम कांग्रेसी ज्यादा नजर आने की भी चर्चा जमकर है।
बता दें कि इस आयोजन में व्यवस्था को लेकर एवं कवरेज करने गए पत्रकारों के लिए बैठने की व्यवस्था नहीं होने तथा व्यवस्था कराने की बात कहने पर भी उपेक्षित किए जाने को लेकर पत्रकारों ने नाराजगी जाहिर की।इन्होंने आयोजन स्थल से बाहर मौजूद रहकर अपना कार्य संपादित किया। अव्यवस्थाओं और उपेक्षा के बीच इस आयोजन में शामिल हुए अतिथियों को इस बात की जानकारी नहीं थी। जब उन्हें अवगत कराया गया तो उन्होंने क्षमा याचना की। आयोजकों की गलती के लिए अतिथि द्वारा खेद व्यक्त करने की भी खूब चर्चा है।
0 किसान हित में छग सरकार के कई फैसले
ग्राम बरपाली में आयोजित किसान सम्मेलन व सम्मान समारोह में पहुंचे मुख्य अतिथि बैजनाथ चंद्राकर व अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन किया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पिछले 3 वर्षों से छत्तीसगढ़ को आगे ले जाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका पहला निर्णय किसानों के हित में रहा। मुख्यमंत्री के द्वारा किसानों के हित में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।















