Tuesday, March 24, 2026
Home कोरबा KORBA:कब्रों के गुनाहगारों पर FIR दर्ज….मठ तोड़े,बिखरी अस्थियों से भावनाएं आहत

KORBA:कब्रों के गुनाहगारों पर FIR दर्ज….मठ तोड़े,बिखरी अस्थियों से भावनाएं आहत

0 मोतीसागर पारा के बंद रेत घाट से चोरी के लिए श्मशान भूमि को भी नहीं बख्शा

कोरबा(खटपट न्यूज़)। शहर में वैधानिक तौर पर बंद पड़े मोतीसागर पारा सीतामणी के रेतघाट से रेत की चोरी दिन-रात जारी है। बेतहाशा अवैध रूप से निकाली जा रही रेत के खनन में चोरों/अवैध खनन कर्ताओं ने यहां दफन किए गए शवों को भी नहीं बख्शा। कब्रों/मठों को तोड़-फोड़ दिया गया तो वहीं शवों की अस्थियां और कपड़े रेत से झांक रही हैं। शवों के संबंधित परिजनों की भावनाएं इससे न सिर्फ आहत हुई हैं बल्कि रेतघाटों पर नियम-कानून का पालन कराने व रेत चोरों पर कार्यवाही के मामले में शिथिलता भी उजागर हुई है।
हमने इस तरह का मामला पूर्व में भी सामने लाया गया लेकिन अपेक्षित कार्यवाही और स्थानीय लोगों व जनप्रतिनिधयों की सक्रियता के अभाव में रेत चोरों के हौसले बढ़े रहे। अभी के मामले में 11 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है।

सोमवार को यहां तब हंगामा खड़ा हुआ जब कब्रों/मठों को क्षतिग्रस्त देखा गया। बस्ती के कुछ लोग यहां पहुंचे तो उन्होंने पाया कि उनके परिजन के शव, मठ गायब हैं। रेत के भीतर से शवों की अस्थियां और लिपटे हुए कपड़े नजर आए। यह नजारा देख मृतकों के संबंधित परिजनों में रोष व्याप्त हो गया। यहां क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी पहुंचे और रेत चोरों के रवैए पर नाराजगी व्यक्त कर कार्यवाही की मांग की।

कोतवाली टीआई निरीक्षक रुपक शर्मा को अवगत कराया गया तो वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी इस तौर-तरीके को अनुचित करार देते हुए कार्यवाही की बात कही। बता दें कि इमली डुग्गू क्षेत्र में भी रेत चोरों के द्वारा यहां दफन किए गए शवों व मठों/कब्रों को पूर्व में क्षत-विक्षत किया जा चुका है लेकिन कार्यवाही नहीं हुई।
0 सज्जाद सहित 11 लोगों पर एफआईआर दर्ज
कोतवाली टीआई रुपक शर्मा ने बताया कि जिस तरह से रेत खोदने वालों ने कब्रों को तोड़-फोड़ किया है और शवों को इधर-उधर बिखरा पाया गया, इससे मृतकों के परिजनों की भावनाएं आहत हुई हैं। इस मामले में की गई शिकायत के आधार पर सज्जाद खान व अन्य लगभग 11 लोगों के विरुद्ध धारा 297, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। इस संबंध में खनिज विभाग को भी पत्र लिखकर रेतघाट के संचालन के संबंध में आवश्यक जानकारी ली जाएगी।
0 सील किया हुआ बेरियर को खोलने की हिमाकत

मोतीसागर पारा का रेत घाट नया आवंटन के अभाव में बंद है। बारिश शुरू होने के समय रेत खनन पर प्रतिबंध लगने के बाद से इस घाट के बेरियर को तत्कालीन खनिज अधिकारी द्वारा सील कर दिया गया था लेकिन यहां लगाया गए ताला को खोलकर मन मुताबिक रेत तब भी निकाली गई और अब भी निकाली जा रही है। सरकारी तौर पर सील किए गए बेरियर को खोल कर/तोड़कर रेत चोरी करना अपराध की श्रेणी में आता है। बन्द घाट से रेत निकालने वालों पर खनिज, पर्यवारण, राजस्व विभाग और पुलिस को सख्त कार्यवाही करने की आवश्यकता है। अब देखना यह है कि इस तरह की कार्यवाही होती भी है या नहीं,होगी तो कब तक? क्या घाट को नए आबंटन तक पूरी तरह चोरों से सुरक्षित रखा जा सकेगा,यह यक्ष प्रश्न है।
0 खनिज विभाग संज्ञान लेगा
दूसरी तरफ जिला खनिज अधिकारी प्रमोद नायक को इस बारे में अवगत कराने पर उन्होंने कहा कि रेत के अवैध खनन व परिवहन पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। जिस तरह से कब्रों को नुकसान पहुंचाने की बात सामने आई है, वह गंभीर मामला है। सीतामणी मोतीसागर पारा घाट का अवलोकन कर इसे बंद करने की कार्यवाही की जाएगी। आने वाले दिनों में रेत चोरों पर विभाग सख्त रवैया अपनाएगा।

Advertisement Carousel