
कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा जिले के सिविल लाइन और बालको क्षेत्रांतर्गत ताला तोडक़र अज्ञात चोरों ने डेढ़ लाख रुपए से अधिक के सामानों की चोरी कर ली।
सिविल लाइन थाना अंतर्गत शिवाजीनगर सब स्टेशन के पास का निवासी संतोष कुमार सिंह पिता स्व. रामलाल 7 अगस्त को पत्नी का ईलाज कराने रायपुर सपरिवार गया था। 14 अगस्त की रात वापसी हुई तो घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। भीतर जाने पर सामान अस्त-व्यस्त मिले। सोने के जेवरात, सिक्का, सोने की बांसुरी, चांदी के जेवरात और एसईसीएल मार्का सिक्के कुल कीमत 80 हजार रुपए की चोरी कर ली गई है।
इसी तरह बालको थाना अंतर्गत नेहरूनगर मुक्तिधाम के पास रहने वाली नान बाई साहू पति श्रीराम के साथ बेटी के घर बाराद्वार डुमरपारा गए थे। इस बीच बेटा-बहू को घर की देखरेख करने कहा था। 15 अगस्त को सुबह 10 बजे बेटे परसराम ने ताला टूटे होने की जानकारी दी। पति-पत्नी घर लौटे तो आलमारी का ताला तोडक़र 50 हजार रुपए नगद, सोने के जेवरात, पुराना टेबल पंखा, कुल कीमत 74 हजार रुपए की चोरी 12 से 15 अगस्त के बीच होना बताया। दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर पता-तलाश किया जा रहा है।















