Friday, March 27, 2026
Home छत्तीसगढ़ IT का छापा:200 करोड़ का बेनामी ट्रांजेक्शन, करोड़ों रुपए नगद और जेवरात...

IT का छापा:200 करोड़ का बेनामी ट्रांजेक्शन, करोड़ों रुपए नगद और जेवरात भी मिले! नोट गिनने मंगाई मशीन…

रायपुर/कोरबा (खटपट न्यूज़)। प्रदेश के चार शहरों रायपुर, दुर्ग, कोरबा और रायगढ़ के कोल, स्टील व सराफा कारोबारियों के करीब 35 ठिकानों पर आयकर विभाग ने गुरुवार को भी जांच जारी रखी है।

सूत्रों के अनुसार जांच में सभी कारोबारी समूहों को मिलाकर 200 करोड़ रुपए से ज्यादा के बेनामी ट्रांजेक्शन का पता चल चुका है। इससे बड़ी कर चोरी के खुलासे की संभावना है। सूत्रों की मानें तो छापामार दलों को पांच ठिकानों से अब तक 4 करोड़ से ज्यादा की नगदी और 3 करोड़ से ज्यादा की ज्वेलरी का पता चला है। राजधानी के कोयला ट्रेडिंग कारोबारियों के यहां भी अच्छा-खासा कैश मिलने की बात आई है, जिसकी गिनती अब तक जारी है। सभी ठिकानों पर कार्रवाई शुक्रवार रात तक चलने की संभावना है। आयकर विभाग की टीम कोरबा के कारोबारी राजकुमार अग्रवाल और भगवानदास अग्रवाल के शो रूम और ऑफिस में जांच के दौरान के घर भी पहुंची और वहां पड़ताल की गई। राजकुमार अग्रवाल के कोयला उद्योग में भी गुरुवार को जांच की गई। इस बारे में हालांकि आईटी द्वारा अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है। दूसरी ओर नोटों की गिनती के लिए कैश गिनने वाली मशीन मंगवाए जाने की भी अपुष्ट सूचना है। बता दें कि आयकर की टीम ने बुधवार को छत्तीसगढ़ के चार जिलों के दर्जनभर कारोबारियों के तीन दर्जन ठिकानों पर दबिश दी थी।
0 सेंट्रल जीएसटी की धमतरी में दबिश से हड़कम्प
सेंट्रल जीएसटी की टीम ने गुरुवार को धमतरी में एक साथ तीन जगहों पर छापेमारी की। 14 अफसरों की टीम लगातार 10 घंटे तक तीन संस्थानों में जांच करती रही। जिन संस्थानों में छापे मारे गए हैं, वहां के डायरेक्टर अनाज व बर्तन का कारोबार करते हैं। अफसरों का कहना है कि अभी सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसलिए गड़बड़ी का खुलासा जल्द ही किया जाएगा। हालांकि इन कारोबारियों के रिटर्न पर ही कई सवाल खड़े हो रहे हैं, इस वजह से अफसरों की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। इसमें एक कारोबारी का नाम संजय बरडिया का बताया जा रहा है।

Advertisement Carousel