नवीन शासकीय महाविद्यालय नवागढ़ के प्राचार्य एवम् रासेयो जिला संगठक प्रो बी के पटेल ,रासेयो कार्यक्रम अधिकारी प्रो नरेन्द्र गिरी के कुशल मार्गदर्शन तथा दूरपा (शि.ना.) सरपंच सम्मेकुमार साहू के सहयोग पर राष्ट्रीय रासेयो की स्वयंसेविका मातेश्री सोनी की सराहनीय पहल से दूरपा (शि.ना.) गाँव में स्वच्छता अभियान को निरंतर गति मिल रही है। इस अभियान में गाँव की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुँच रहा है।

स्वयंसेविका मातेश्री सोनी द्वारा महिलाओं को संगठित कर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। महिलाएँ गलियों, सार्वजनिक स्थलों एवं घरों के आसपास साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। साथ ही ग्रामीणों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, व्यक्तिगत एवं सामूहिक स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मातेश्री सोनी ने बताया कि महिलाओं की सहभागिता से स्वच्छता अभियान अधिक प्रभावी बनता है, क्योंकि वे परिवार और समाज दोनों स्तरों पर जागरूकता फैलाने में सक्षम हैं। उनके प्रयासों से गाँव में साफ-सफाई के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो रही है।
गाँव की महिलाओं एवं ग्रामीणों का कहना है कि इस अभियान से वातावरण पहले की तुलना में अधिक स्वच्छ और सुंदर हुआ है। रासेयो स्वयंसेविका मातेश्री की यह पहल दूरपा (शि.ना.)गाँव को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।
















