Wednesday, September 23, 2026
Home कोरबा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 11 को आएंगे कोरबा, बैगा-पुजेरी सम्मेलन में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 11 को आएंगे कोरबा, बैगा-पुजेरी सम्मेलन में होंगे शामिल


कोरबा (खटपट न्यूज)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 11 जनवरी को महर्षि वाल्मीकि आश्रम में आयोजित बैगा पुजेरी सम्मेलन व गौरा गौरी पूजा महोत्सव में शामिल होंगे। उनके दौरे के लिहाज से प्रशासन व पुलिस ने वाल्मिकी आश्रम पहुंचकर तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने आश्रम परिसर का अवलोकन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की। आश्रम के पदाधिकारियों से बातचीत कर कार्यक्रम की जानकारी ली। स्थानीय प्रतिनिधि बीरबल साय ने बताया कि कार्यक्रम में 200 गांव के बैगा पुजेरी आ चुके हैं। तीन दिवसीय कार्यक्रम का 11 जनवरी को अंतिम दिवस होगा। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय पर पूर्ण कर लिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर कटघोरा ओंकार यादव, ईई पीडब्ल्यूडी जी आर जांगड़े, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित प्रशासनिक, निगम एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
0 ट्रेफिक किया डायवर्ट
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने आवागमन को 11 जनवरी की स्थिति में डायवर्ट किया है। बताया गया कि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन में उतरेंगे और वाल्मिकी आश्रम पहुंचेंगे। वीआईपी रोड सहित अन्य मार्गों को इस दौरान प्रतिबंधित किया गया है। लोगों को दूसरे रास्तों का उपयोग करना होगा।

Advertisement Carousel