भोपाल। पीएम श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि कोरोना के संक्रमण की रोकथाम की कोशिशों के बीच जहाँ भी संभव हो हमें आर्थिक गतिविधियों को तेज करना है। अब हमें अनलॉक के फेज ही ढूंढ़ना है, उसी दिशा में कदम बढ़ाना है। लॉकडाउन के दबाव को मन से बाहर निकालना है। अब राज्यों को यह निर्णय लेना है कि अनलॉक फेज २ कैसा हो। यह प्रसन्नता का विषय है कि हर राज्य आर्थिक विकास की गतिविधियों को तेजी देने का प्रयास कर रहा है। प्रतिबंध कम हो, गतिविधियां बढ़े, निर्माण एवं अधोसंरचना विकास को राज्य प्राथमिकता दें।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम सब मिलकर कोरोना को हराने एवं भारतीयों का जीवन बचाने के लिए प्रतिबद्ध है और निरंतर प्रयासरत है। हमने कोरोना के हालात पर नियंत्रण पाया है। लॉकडाउन के दौरान भारत की जनता ने अनोखा अनुशासन दिखाया है। स्वास्थ्य अधोसंरचना को बढ़ाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए। हमें टेलीमेडिसन पर जोर देना होगा। कोरोना के विरूद्ध लड़ाई में यंग वॉलिंटेयर्स तैयार करने होंगे। हमें लोगों को सचेत रखना होगा। जागरूकता बरतनी होगी। आप सभी के सामूहिक प्रयासों से हम कोरोना पर तो विजय पाएंगे ही साथ ही आर्थिक विकास की बुलंदियां भी छुएंगे।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान मंत्रालय से वीसी में शामिल हुए। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान, पुलिस महानिदेशक श्री विवेक जौहरी, प्रमुख सचिव गृह श्री एस.एन मिश्रा उपस्थित थे। वीसी में प्रधानमंत्री द्वारा महाराष्ट्र, तमिलनाडु, उत्तरप्रदेश, कर्नाटक, बिहार एवं तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों से भी चर्चा की। शेष राज्यों के मुख्यमंत्रियों से लिखित में स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई।