0 कोरबा में हिन्दू क्रांति सेना का भव्य आयोजन बना ऐतिहासिक
कोरबा(खटपट न्यूज़)। हिन्दू नव वर्ष का ऊर्जाधानी में ऐतिहासिक व दिव्य स्वागत किया गया। हिन्दू क्रांति सेना के द्वारा आयोजित दिव्य शोभायात्रा में एक से बढ़कर एक झांकियों और देव् दर्शन ने हिन्दुत्व की भावना को और मजबूत किया। दिव्य शोभायात्रा में हजारों की भीड़ उमड़ी रही।
सीतामणी से लेकर टीपी नगर तक सड़कों पर लोगों का रैला देर रात तक उमड़ा रहा।कोरबा शहर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में इस तरह का भव्य आयोजन पहली बार देख कर लोग तारीफ करने से खुद को रोक न सके।
आलम यह था कि मौसम की बेरूखी और बारिश के बाद भी आयोजकों से लेकर नगरजनों का उत्साह कम नहीं हुआ।
हिंदू क्रांति सेना के द्वारा सीतामणी स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा प्रारंभ की गई।
करमा नर्तक दल, महिलाओं का करमा नर्तक दल, राऊत नाच जैसे लोक नर्तकों
की अगुवानी में प्रारंभ हुई शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, छत्तीसगढ़ महतारी एवं भारत माता की विशालकाय प्रतिमा श्रद्धा का केन्द्र रहे।
नासिक महाराष्ट्र की मंडली द्वारा माउली ढोल-ताशा पर महिला एवं पुरूष की संगत ने संस्कृति की अलग झलक दिखाई तो वहीं उज्जैन के श्री भस्म रमैय्या भक्त मंडल के कलाकारों द्वारा डमरू और वाद्य यंत्रों पर छेड़ी गई तान ने थिरकने पर मजबूर कर दिया।
जबलपुर के प्रसिद्ध दुलदुल घोड़ी व मोर डांस ने बच्चों व महिलाओं को खूब लुभाया।
महाकाल, अघोरी स्वरूप और नंदी बाबा का विशालकाय प्रतिरूप लोगों के रोमांच का कारण रहे।
भगवान राम-लक्ष्मण-जानकी व हनुमान की बग्घी पर सवार जीवंत झांकी, ऊंट और घोड़े की झांकी के साथ-साथ भगवान राम, भगवान शंकर, ब्रम्हा एवं हनुमान, मां काली की भी जीवंत झांकी भी प्रस्तुत की गई।
दक्षिण भारत के वाद्य यंत्रों पर संगत करते वादक कलाकारों के साथ झूमते युवाओं ने अलग दृश्य प्रस्तुत किया।
धुन पर दक्षिण भारत के प्रसिद्ध नृत्यों की प्रस्तुति देखने को मिली तो विभिन्न देवी-देवताओं की जीवंत झांकी ने लोगों को भाव विभोर कर दिया। इनके साथ सेल्फी लेने की होड़ सी मची रही।
इनके अलावा अलग-अलग डीजे और धुमाल की धुन पर नाचते-गाते युवाओं, युवतियों, महिलाओं और पुरूषों का उत्साह शोभयात्रा में लगभग 7 घण्टे तक भी कमजोर नहीं पड़ा। लगभग डेढ़ से 2 किलोमीटर लंबी शोभायात्रा देर रात 11 बजे टीपी नगर चौक होते हुए नया बस स्टैण्ड पहुंच कर विराम हुई।
इससे पहले सीतामणी से ट्रांसपोर्ट नगर तक शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। रास्ते भर पुष्प वर्ष भी की जाती रही।
ट्रांसपोर्ट नगर चौक में भगवान श्रीराम का दरबार लगाया गया। सेवाभावी व विभिन्न समाज सेवी एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा जगह-जगह पर स्वल्पाहार, शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई थी।
0 एसपी की अगुवाई में डटे रहे पुलिसकर्मी
शोभायात्रा के दौरान क़ानून व्यवस्था बनाने के लिए एसपी उदयकिरण के मार्गदर्शन में पुलिस के अधिकारी व कर्मी तैनात रहे। एएसपी अभिषेक वर्मा,सीएसपी विश्वदीपक त्रिपाठी,एसडीओपी ईश्वर त्रिवेदी के नेतृत्व में निरीक्षक विवेक शर्मा, सनत सोनवानी,अविनाश सिंह,रूपक शर्मा,तेजकुमार यादव, अभिनवकान्त सिंह, कृष्ण कुमार वर्मा, राजेश जांगड़े, राजीव श्रीवास्तव, सूबेदार भुनेश्वर कश्यप,एएसआई मनोज राठौर आदि मातहतों के साथ कानून और यातायात व्यवस्था बनाने मुस्तैद रहे।
0 पुलिस-प्रशासन व सहयोगियों का आभार जताया
पूरे शोभायात्रा का नेतृत्व हिन्दू क्रांति सेना के जिलाध्यक्ष राहुल चौधरी ने किया व उनकी टीम के साथ-साथ नगर के लोगों ने भी सहयोग किया। राहुल चौधरी ने दिव्य शोभयात्रा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला तथा पुलिस प्रशासन एवं प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष सहयोग देने वाले सभी लोगों सहित युवाओं-युवतियों मातृ शक्तियों के प्रति संगठन की तरफ से आभार व धन्यवाद प्रेषित किया है।