0 धारा 151 की प्रतिबंधात्मक कार्यवाही का प्रतिशत बढ़ा
कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा जिले में पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष विभिन्न 12 तरह के अपराधों में से चोरी और अपहरण के प्रकरणों में वृद्धि दर्ज हुई है। आंकडे बताते हैं कि वर्ष भर चोरों ने अपना आतंक कायम रखा और चोरी के अधिकांश छोटे-बड़े मामलों को सुलझा पाने में नाकामी हाथ लगी है। गौठानों से मोटरपंप और जिले भर में बाइक के चोर सक्रिय रहे। शेष 10 तरह के अपराधों व घटनाओं में मामूली कमी जरूर आई है। वर्ष भर में महज 1.07 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
जिला पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक कोरबा जिले में हत्या, अपराधिक मानव वध, बलात्कार, अपहरण, डकैती, लूट जैसे मामले होते रहे। पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष कुछ मामलों में वृद्धि तो कुछ में कमी दर्ज हुई है। विगत वर्षों की तुलना में अपहरण के 47 मामले अधिक दर्ज हुए हैं जबकि चोरी के 110 प्रकरण बढ़े दर्ज हुए।
0 इन अपराधों में दर्ज हुई कमी
वर्ष 2020 में हत्या(धारा 302) के 44 तो 2021 में 41 मामले दर्ज हुए थे जो इस वर्ष 42 दर्ज हुए। हत्या का प्रयास(धारा 307) के क्रमशः 18 और 26 के विरुद्ध इस वर्ष 20 मामले पंजीबद्ध हुए। आपराधिक मानव वध(धारा 304) के वर्ष 2020 में 6, 2021 में 1 तो 2020 में 2 मामले दर्ज हुए। बलात्कार (धारा 376) के क्रमश: 122, 128 के विरुद्ध वर्ष 2022 में 85 मामले दर्ज हुए। अपहरण(धारा 363) के 62 व 93 मामलों के विरुद्ध वर्ष 2022 में 140 प्रकरण दर्ज हुए हैं। डकैती व लूट (धारा 395/392) के वर्ष 2021 में दर्ज 31 प्रकरण के विरुद्ध इस वर्ष 17 प्रकरण दर्ज हुए। चोरी(धारा 379) के वर्ष 2020 में 231, 2021 में 252 के विरुद्ध इस वर्ष 362 प्रकरण दर्ज हुए। अमानत में ख्यानत (धारा 409) के वर्ष 2021 में 11 के विरुद्ध 5 प्रकरण दर्ज हुए। चोट के 1034 व 1318 के विरुद्ध इस वर्ष 1334 प्रकरण दर्ज हुए। दहेज मृत्यु(धारा 304 बी) के मामले इस वर्ष निरंक रहे जबकि 2020 में 5 व 2021 में 4 मामले दर्ज हुए थे। छेड़छाड़(शीलभंग) (धारा 354) के 87 व 75 प्रकरण के विरुद्ध इस वर्ष 71 मामले दर्ज हुए। यौन उत्पीड़न(धारा 509) के 13 व 15 मामलों के विरुद्ध वर्ष 2022 में 11 प्रकरण दर्ज हुए। इस तरह वर्ष 2020 में 2985, वर्ष 2021 में 3358 मामले दर्ज हुए थे जो वर्ष 2022 में घटकर 3222 प्रकरण दर्ज हुए हैं।
0 प्रतिबंधात्मक धाराओं में बढ़ी कार्यवाही
जिला पुलिस द्वारा वर्ष 2022 में विभिन्न प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही की गई। धारा 109 में वर्ष 2021 में 189 तो 2022 में 233 कार्यवाही हुई। धारा 110 में वर्ष 2021 में 29 वर्ष 2022 में 53, धारा 151 में वर्ष 2021 में 522 वर्ष 2022 में 657, धारा 107-116 में वर्ष 2021 में 3609 तो वर्ष 2022 में 3621 लोगोंं पर कार्यवाही हुई। इसी तरह धारा 145 दण्ड प्रक्रिया संहिता के तहत वर्ष 2021 में 8 तो 2022 में 10 प्रकरणों में कार्यवाही की गई।