रायपुर/कोरबा(खटपट न्यूज़)। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के बैनर तले विभाग के कर्मचारी लगभग एक माह से हड़ताल पर थे। इनकी हड़ताल को रेंजरों ने भी अपना समर्थन दे दिया था कि बुधवार को कर्मचारियों ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की है। अब सभी कर्मचारी काम पर वापस लौटेंगे। इनका कहना है कि अगर दो महीने के भीतर सरकार उनकी मांगे नहीं मानी तो फिर से आन्दोलन के लिए मजबूर होंगे।
गौरतलब है कि वन कर्मचारियों की हड़ताल पर होने से जंगल में आग लगने की घटनाएं बढ़ गई थी। वन्यजीवों से लेकर वनस्पतियों को भी इससे काफी नुकसान पहुंच रहा था इसलिए राज्य सरकार अब कर्मचारियों पर एस्मा लगाने की तैयारी कर रही थी। बता दें कि प्रदेश भर के करीब दस हजार वन कर्मचारी अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर 21 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। प्रदेश भर के कर्मचारी अपने-अपने जिला मुख्यालय में धरना दे रहे थे, जबकि वन कर्मचारियों की सात मांग पूरी हो चुकी है। पूरे राज्य सहित कोरबा जिले में भी वन कर्मचारी अपने जिला अध्यक्ष प्रीतम कुमार पूराइन के नेतृत्व में धरना हड़ताल में शामिल हो रहे थे।