कोरबा(खटपट न्यूज़)। विवाह के 4 साल ही हुए हैं कि शक ने इनके प्रेम में ऐसा जहर घोल दिया कि दोनों की जान पर बन आई है। युवा पत्नी ने पति की रोक-टोक के कारण खुद को आग लगा ली वहीं उसे बचाते वक्त पति भी झुलस गया।
जानकारी के अनुसार कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महुआपानी निवासी रमेश यादव 27 वर्ष और सावित्री निर्मलकर 25 वर्ष ने 4 साल पहले प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से दोनों महुआपानी गांव में ही रह रहे थे। दोनों के 3 बच्चे भी हैं। दोनों के बीच कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद शनिवार रात को भी विवाद हुआ। स्थानीय चर्चाओं के मुताबिक रमेश को पत्नी पर चरित्र शंका भी थी। शनिवार रात को रमेश यादव शराब के नशे में घर पहुंचा था। उस वक्त सावित्री किसी से फोन में बात कर रही थी। यह देख कर रमेश नाराज हो कर चिल्लाने लगा। दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर रमेश छोटी बेटी को लेकर कमरे में सुलाने चला गया। इस दौरान सावित्री ने दूसरे कमरे में जाकर खुद पर मिट्टी तेल उड़ेलकर आग लगा ली। चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर पहुंचे रमेश ने पत्नी को बचाने का प्रयास किया जिसमें वह खुद भी झुलस गया। रमेश ने किसी तरह डायल 112 को सूचना दी। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया।85 फीसदी झुलस चुकी सावित्री की हालत काफी गंभीर है। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने प्रकरण कटघोरा पुलिस को प्रेषित किया है।