छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गुरु गोविंद सिंह की जयंती मनाने से पहले ही शुभकामना संदेश का फ्लेक्स चोरी हो गया। इस घटना से सिक्ख समाज आहत और आक्रोशित है।
कोरबा(खटपट न्यूज़)। सिक्ख पंथ के दसवें गुरू, गुरू गोविंद सिंह की जयंती प्रकाश पर्व 5 जनवरी को मनाई जाएगी। इस उपलक्ष्य में गुरू गोविंद सिंह महाराज की प्रतिमायुक्त होर्डिंग सिक्ख समाज के द्वारा तैयार कर 29 दिसंबर को टीपी नगर रेलवे ट्रैक के पास लगाया गया था। 30 दिसंबर को सुबह 4.30 बजे तक होर्डिंग लगा हुआ था किंतु सुबह 8 बजे के बाद होर्डिंग वहां मौजूद नहीं पाया गया। उस स्थान से होर्डिंग/फ्लैक्स किसी अज्ञात के द्वारा चोरी कर लिया गया है जिससे समूचा सिक्ख समाज आहत और आक्रोशित है। इस तरह की घटना पूर्व में भी हो चुकी है। श्री गुरू सिंह सभा समूह सिक्ख समाज के अध्यक्ष अमरिक सिंह धंजल के द्वारा सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत करते हुए जल्द से जल्द कार्यवाही कर चोरी किया गया होर्डिंग/फ्लेक्स प्राप्त कर चोर को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की गई है ताकि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। कोतवाली टीआई रामेन्द्र सिंह ने बताया कि इस तरह की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है जिस पर जांच-पड़ताल करने के साथ ही नगर निगम के लोगों से भी जानकारी ली जा रही है। घटना में जो भी शामिल हैं उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)