कोरबा-कटघोरा(खटपट न्यूज़)। भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती 20 अगस्त को देश भर में मनाई गई। कांग्रेस संगठन के निर्देशानुसार कई तरह के कार्यक्रम भी किए गए। कोरबा जिले के कटघोरा विधानसभा क्षेत्र में भी आयोजन हुआ जिसमें रन फॉर राजीव के आयोजन की जिम्मेदारी जिन लोगों को दी गई, उनके द्वारा महज खानापूर्ति की गई। यह आयोजन युकाईयों में ही चर्चा का विषय बनी रही।
बताया गया कि यहां कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें स्थानीय युवा कांग्रेसी नेताओं के अलावा संगठन के बड़े पदाधिकारी भी पहुंचे थे। संगठन के लोग बड़ा सा बैनर लेकर पैदल चलते रहे जबकि रन फॉर राजीव के नाम पर सरकारी स्कूल की छोटी बच्चियों को नंगे पैर दौड़ते हुए देखा गया। कटघोरा शहर में राजीव गांधी के लिए दौड़ने वाले युवा कांग्रेसियों की कमी देखी गई। संगठन के सूत्रों ने बताया कि रन फॉर राजीव के लिए प्रदेश से राजीव गांधी की फोटो लगी टी-शर्ट भी भिजवाई गई थी लेकिन यह धावकों के शरीर पर नजर नहीं आई। इसके अलावा किसी भी दौड़ने वाले को कोई भी पुरस्कार, सांत्वना पुरस्कार या प्रोत्साहन स्वरूप सम्मान पत्र तक वितरण नहीं किया गया। संगठन के युवाओं ने ही आयोजन पर सवाल उठाए कि पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती को औपचारिकता के रूप में मना कर वाहवाही लूटी गई।
बता दें कि स्व.राजीव गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश युवा कांग्रेस के निर्देशानुसार कोरबा जिले में जिलाध्यक्ष नितिन चौरसिया के नेतृत्व एवं सह प्रभारी धर्मेंद्र सिंह के मुख्य आतिथ्य में जिला चिकित्सालय में रक्तदान किया गया। कटघोरा के दीपका क्षेत्र में विधानसभा अध्यक्ष वालेन्द्र सिंह के नेतृत्व में खिलाड़ियों का सम्मान व दौड़ कराई गई।
कटघोरा नगर में उपाध्यक्ष शिवम गुप्ता के नेतृत्व में रन फॉर राजीव कार्यक्रम किया गया। कोरबा विधानसभा में अध्यक्ष बृज भूषण प्रसाद के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। बरपाली ब्लॉक अध्यक्ष निरंजन श्रीवास के नेतृत्व में स्कूली छात्र-छात्राओं की मिनी मैराथन कराई गई। रामपुर विधानसभा में अध्यक्ष धर्मराज अग्रवाल के नेतृत्व में जलेबी दौड़ व रन फॉर राजीव कार्यक्रम किया गया। पाली विधानसभा में अध्यक्ष रवि कश्यप की अगुवाई में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर संभाग प्रभारी सजमन बाग, जिला प्रभारी राजेश स्वामी, सह प्रभारी आश मोहम्मद विशेष रूप से मौजूद रहे।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)