कोरबा(खटपट न्यूज़)। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के अनुमोदन पश्चात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को बहुप्रतीक्षित निगम मंडलों में नियुक्ति की घोषणा कर दी। जारी पहले सूची में कोरबा जिले को स्थान मिला, भले ही पहली सूची में यहां से किसी को लाल बत्ती ना मिली हो पर सदस्य बनाकर जरूर संतुष्ट किया गया है। शहर से लेकर गांव तक संतुलन बनाने की कोशिश हुई है। नियुक्ति होने के साथ ही बधाइयों का सिलसिला भी चल पड़ा है किंतु दो ऐसे नाम भी हैं जिन्हें लेकर खुद कांग्रेसी भी पशोपेश में हैं कि आखिर यह दोनों शख्स हैं कौन..? योग आयोग में रवि बख्श और और कृषक कल्याण परिषद के सदस्य में खम्हन पटेल का नाम कोरबा से शामिल है। अब इनके बारे में जानकारी न तो कांग्रेस के पदाधिकारियों को है और न ही बहुसंख्य कार्यकर्ताओं को।
गुरुवार रात सूची जारी होने के बाद से ही यह खोज और शोध का विषय तो बना रहा कि आखिर यह दोनों शख्स हैं कौन..! अन्य सदस्यों में प्रशांत मिश्रा, श्रीमती अर्चना उपाध्याय, नरेश देवांगन, नवीन सिंह जाना-पहचाना नाम है लेकिन रवि बख्श और खम्हन पटेल, ये 2 नाम शहरवासियों से लेकर जिले के कांग्रेसियों के दिमाग में भी खटकते रहे कि ये हैं कौन? जब जानते नहीं तो इनकी बधाईयां भी अटकी रहीं।
काफी मशक्कतों और खोजबीन के बाद पता लगा कि खम्मन पटेल के नाम से जारी नाम दरअसल अमन पटेल है जो सदस्य, कृषक कल्याण परिषद नियुक्त किये गए हैं व भिलाई खुर्द निवासी कांग्रेस नेता हैं। इसी तरह सदस्य, योग आयोग रवि बक्श मसीही समाज से तालुक रखते हैं व पादरी हैं। वे मिशन रोड कोरबा में संचालित बेबीलैण्ड प्ले स्कूल के संचालक हैं।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)