Sunday, June 21, 2026
Home CRIME Accident : अल्टो कार–डीजल टैंकर की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, चार...

Accident : अल्टो कार–डीजल टैंकर की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, चार गंभीर घायल

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के तानाखार मार्ग पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें अल्टो कार और डीजल टैंकर की आमने-सामने की टक्कर में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में कार सवार 36 वर्षीय जुगनू खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी के अनुसार, अल्टो कार में सवार पांच लोग सूरजपुर जिले के निवासी थे। इनमें दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे। सभी सूरजपुर से बिलासपुर इलाज कराने जा रहे थे। तानाखार के पास अचानक सामने से आ रहे डीजल टैंकर से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मृतक कार में ही फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस व निजी वाहनों से कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक घायलों की हालत गंभीर है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जा सकता है।

हादसे के बाद सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को हटवाया और ट्रैफिक बहाल किया। कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि कार और टैंकर की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि चार घायल हैं। ये लोग परिवार के साथ इलाज के लिए जा रहे थे।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इस दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Advertisement Carousel