कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा जिले के दीपका क्षेत्र में संचालित एसीबी इंडिया लिमिटेड के 270 मेगावाट चाकाबुड़ा पावर प्लांट में ठेका मजदूरों को 3 माह से वेतन नहीं मिला है। वेतन देने सहित अन्य मांगों की पूर्ति के लिए 1 सितंबर से अनिश्चितकाल के लिए एसीबी कंपनी के ठेका मजदूर घेराव व धरना प्रदर्शन में डटे हुए हैं ।

ठेका मजदूरों का कहना है कि वेतन लेने जाते हैं तो एसीबी कंपनी के ठेकेदार के द्वारा धमकी दिया जाता है और कंपनी के अंदर आने से मना करते हैं। रोजी-रोटी के लिए परिवार का भरण-पोषण करने भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। 3 महीना का परिश्रम का वेतन एसीबी कंपनी के ठेकेदार ने आज पर्यंत नहीं दिया है। उन्होंने कहा है कि जब तक हमारा वेतन और अन्य मांगों का ठेकेदार समाधान नहीं करेंगे तब तक धरना आंदोलन में डटे रहेंगे। मजदूरों ने कहा कि परिश्रम से पहले उनकी मजदूरी मिल जानी चाहिए। मजदूरों के ऊपर अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वेतन और सुविधाओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। ऊर्जाधानी भू विस्थापित किसान कल्याण समिति के ललित महिलांगे ने बताया कि विरोध की कड़ी में 9 सितंबर शुक्रवार को ठेका मजदूरों के द्वारा उग्र आंदोलन करने की घोषणा की गई है। चारों गेट को जाम करने का निर्णय लिया गया है। एसीबी पावर प्लांट 270 मेगावाट का व्यापक घेराव की तैयारी की गई है।















