कोरबा, (खटपट न्यूज़)। पड़ोसी जिला जांजगीर-चाम्पा और कोरबा की सीमा से लगे ग्राम से बाइक चोरी कर अपने साथी के साथ 6 माह से कोरबा शहर में लूटपाट कर रहा था। कुसमुण्डा-कोरबा मार्ग में एक व्यवसायी दंपत्ति से पर्स छीनकर भागने के मामले में कोतवाली पुलिस ने 10 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ा तो लूट व चोरी के 8 मामलों का खुलासा हुआ। इसका एक सहयोगी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

सीएसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि 19 नवंबर को कुसमुण्डा निवासी सुरेश जैन पत्नी के साथ स्कूटी से कोरबा आ रहा था कि दोपहर करीब 12.45 बजे स्प्लेंडर सवार दो लोगों ने सर्वमंगला पुल के पास महिला के हाथ से पर्स छीनकर भागने की कोशिश की। इस आपाधापी में दंपत्ति गिर पड़े और अपराधी खाली हाथ भागे। मामले में कोतवाली पुलिस ने धारा 394 भादवि का जुर्म कायम कर पतासाजी शुरू की। मिशन सिक्यूरिटी के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरे से आरोपियों का सुराग मिला और पहचान कोतवाली टीआई दुर्गेश शर्मा ने आदतन बदमाश सूरज यादव व किशन यादव के रूप में की। सूरज को हिरासत में लेकर पूछताछ में किशन के साथ पंतोरा से एक हीरो-होण्डा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की चोरी कर छह माह से कोरबा क्षेत्र में राहगीरों को लूटना स्वीकार किया। बरमपुर मार्ग में महिला से मोबाइल, ओवरब्रिज के नीचे लड़की से मोबाइल, सोनालिया चौक पर महिला से पर्स छीनने, एमपी नगर में एक लड़के से बात करने के लिए मोबाइल लेकर भाग जाने व डीडीएम रोड में एक मोबाइल छीनना स्वीकार किया। टीआई ने बताया कि सूरज पूर्व में मोटरसाइकिल व ट्रांसफार्मर चोरी के मामले में जेल जा चुका है। इस पूरी कार्रवाई में टीआई को आरक्षक विपिन बिहारी नायक, चंद्रकांत गुप्ता व अजय यादव का सहयोग मिला।















