Monday, March 23, 2026
Home कोरबा बदहाली और भ्रष्टाचार : 8 लाख की पुष्प वाटिका में 7 साल...

बदहाली और भ्रष्टाचार : 8 लाख की पुष्प वाटिका में 7 साल से नहीं उगा एक भी फूल

कोरबा-छुरीकला, (खटपट न्यूज़)। नगर पंचायत छुरीकला में बनाई जा रही पुष्प वाटिका लाखों खर्च करने के बाद 7 साल से अधूरी पड़ी है। इसे फिर से प्रारंभ करने को लेकर पंचायत प्रशासन व जनप्रतिनिधि का कोई ध्यान नहीं है।  पुष्पवाटिका को लेकर नगरवासियों का सपना अधूरा ही रह गया है।

उजाड़ पड़ी पुष्प वाटिका

मिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत छुरीकला में भाजपा शासन के दौरान वर्ष 2013-14 में राज्य शासन द्वारा राज्य प्रवर्तित योजना के तहत नगर के बांध के पास पुष्प वाटिका बनाये जाने हेतु 8 लाख 51 हजार की राशि स्वीकृत की गई थी। पुष्प वाटिका का निर्माण ठेका से कराया जा रहा था। ठेकेदार द्वारा जाली व लेबलिंग का कार्य किये जाने के बाद तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी व पूर्व अध्यक्ष ने ठेकेदार को लगभग 3 लाख रुपये का भुगतान कर दिया और भुगतान के बाद से ठेकेदार ने कार्य बंद कर दिया जो आज तक बंद है। इन वर्षों में पुष्प वाटिका में जो 3 लाख के कार्य कराये गये थे, वह पानी में बह गए और थोड़ा बहुत जो ढांचा बचा था वह भी समाप्त हो गया।  अब देखने पर पता नहीं लगता कि पुष्प वाटिका के लिए यहां कोई कार्य भी कभी हुआ था। इसके बाद दो बार नगर पंचायत के चुनाव हुए और दोनों बार नये अध्यक्ष चुने गए, कई सीएमओ व इंजीनियर आये और चले भी गये लेकिन इनकी नजर पुष्प वाटिका योजना पर नहीं पड़ी। बताया जाता है अधूरे पड़े पुष्प वाटिका की जांच प्रशासन स्तर पर की गई थी और जांच में गड़बड़ी पायी गई थी जिसे दबा दिया गया और संभवत: फाइल भी गायब कर दी गई है। 

Advertisement Carousel