Thursday, April 23, 2026
Home छत्तीसगढ़ परिवार के साथ नए घर में सोने गया व्यवसायी, पुराने घर से...

परिवार के साथ नए घर में सोने गया व्यवसायी, पुराने घर से हो गई लाखों की चोरी

1 लाख नगद, सोने-चांदी के जेवर सहित 10 लाख रुपए के सामान पार


रायपुर (खटपट न्यूज)। राजधानी रायपुर में एक व्यवसायी के मकान में लाखों की चोरी हो गई। चोरों ने नगदी, गहनों समेत 10 लाख रुपए का सामान पार कर दिया। घटना के समय व्यवसायी परिवार के साथ नए मकान में सोने के लिए गया था वहां से लौटकर आया तो चोरी का पता चला। घटना 16-17 अक्टूबर की रात को गंज थाना क्षेत्र के नहरपारा इलाके की है।
जानकारी के मुताबिक, स्टेशन रोड निवासी आदित्य शुक्ला का सबमर्सिबल पंप का कारोबार है। उन्होंने मारूति लाइफ स्टाइल कोटा में भी एक मकान ले रखा है। कारोबारी 16 अक्टूबर तक रात करीब 9 बजे अपने परिवार के साथ नए मकान में सोने के लिए गए थे। अगले दिन सुबह 9 बजे पुराने मकान में लौटे तो देखा कि खिड़की टूटी हुई है। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। आदित्य ने पुलिस को बताया कि चोर करीब 10 लाख रुपए का सामान ले गए हैं। इसमें एक लाख रुपए नकद, सोने का रानी हार, नेकलेस, चूड़ियां, बिंदिया, अंगूठी, चेन, पैंडल सेट, ब्रेसलेट, चांदी के बर्तन, पायल, आईफोन, टीवी शामिल हैं। पुलिस को अंदेशा है कि एक से ज्यादा लोग चोरी में शामिल थे।

Advertisement Carousel