0 रुपये निकालने के 11 माह बाद भी रेत, गिट्टी, सीमेंट का नामोनिशान नहीं

कोरबा-बरपाली (खटपट न्यूज़)। ग्राम पंचायत बरपाली के 8 लाख 42 हजार की स्वीकृत सड़क की राशि में से किश्तों में 7 लाख से अधिक की रकम निकाल ली गई पर सड़क की सूरत नहीं बदली। घोटाला करने के लिए सचिव ने चुनाव आचार संहिता की भी परवाह नहीं की।
जनपद करतला के अंतर्गत ग्राम पंचायत बरपाली में राजाराम श्रीवास के घर से लेकर सालिकराम के घर तक सीसी रोड निर्माण के लिए कुल 8 लाख 42 हजार 670 रुपये की स्वीकृति हुुुई है। इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से की गई शिकायत में बताया गया है कि सीसी रोड के लिए राशि जारी में से 24 दिसंबर 2019 को प्रथम किश्त 13 हजार 387 रुपए, द्वितीय 1 लाख 42 हजार 80 रुपए व 1 लाख 42 हजार 80, तृतीय किश्त 94 हजार 720 इस तरह से 3 लाख 92 हजार 287 रुपए का भुगतान एक ही दिन में कई प्रकार के सामान खरीदी का हवाला देते हुए राशि का भुगतान किया गया जबकि उस समय सीसी रोड का कार्य चालू ही नहीं हुआ था। इन सब राशि का भुगतान करने के बाद भी चुनाव आचार संहिता के समय 18 जनवरी 2020 को 3 लाख 24 हजार 980 रुपए द्वितीय किश्त के रूप में फिर से भुगतान एकल हस्ताक्षर से किया गया जबकि 15 अक्टूबर 2020 तक भी कार्य चालू नहीं हुआ है और ना ही सामान गिराया गया है।

शिकायतकर्ता पंचगण रविशंकर चौहान, पीताम्बर निर्मलकर, विद्या यादव, घसनीन बाई, अनीता खत्री, अज्जू दास महंत ने यह भी बताया कि वर्तमान में यही सचिव ग्राम पंचायत बरपाली में कार्यरत है जो कि घोर अनियमितता को दर्शाता है।
0 23 सचिवों पर हुई कार्यवाही लेकिन इन्हें बख्शा..

इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक ननकीराम कंवर द्वारा विधानसभा में सभी पंचायतों के लिए प्रश्न उठाया गया था। संज्ञान में आते ही जिला प्रशासन द्वारा 8 ग्राम पंचायतों के सचिवों को निलंबित किया गया तथा 15 सचिवों के 2 वेतन वृद्धि को रोका गया। इस तरह 23 सचिवों के ऊपर कार्यवाही की गई लेकिन बरपाली के सचिव या मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद करतला के द्वारा बरपाली के तथ्य को छुपाया गया। सचिव पर कार्यवाही क्यों नहीं की गई? जिला सीईओ से आवश्यक जांच व कार्यवाही का आग्रह किया गया है।















