Thursday, April 23, 2026
Home कोरबा आखिर कैसे : दो ग्राहक का एक ही खाता नंबर, जिसने जमा...

आखिर कैसे : दो ग्राहक का एक ही खाता नंबर, जिसने जमा नहीं किए रुपए उसी ने हमनाम के खाता से निकाल लिए 27 हजार… जानिए पूरा मामला…

कोरबा (खटपट न्यूज)। अपनी जमा पूंजी बैंक में खाता खोलकर सुरक्षित रखने के ग्राहकों के भरोसे को तब जरूर झटका लगता है, जब बैंक प्रबंधन की लापरवाही के कारण उसकी जमा राशि पर कोई आंच आती है या उसके रुपयों की सुरक्षा में कोई कमी होती है। बैंक प्रबंधन की थोड़ी सी किंतु गंभीर लापरवाही के कारण एक समान नाम की दो महिलाओं का खाता एक ही नंबर पर खोल दिया गया। एक महिला के बैंक गए बगैर खाते से जब बड़ी रकम निकली तो की गई शिकायत पर पड़ताल में यह खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार ईरीगेशन चौक रेलवे पार दर्री निवासी मीना बाई साहू यहां क्षेत्र में संचालित बालिका गृह में झाडू-पोछा लगाकर जीवन यापन कर रही है। उसका बचत खाता छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक जमनीपाली शाखा में वर्ष 2015 से संचालित है। आज वह पुत्र दीपेश साहू के साथ आवश्यकता होने पर रुपए निकालने बैंक पहुंची तो ज्ञात हुआ कि एक दिन पहले उसके खाते से 27 हजार रुपए निकाले गए हैं जिसके संबंध में दीपेश के मोबाइल पर मैसेज भी आया था।मीना बाई को आश्चर्य हुआ कि वह तो बैंक आई ही नहीं थी तो पैसा कैसे निकल गया और किसने निकाला? बैंक की शाखा प्रबंधक श्वेता से इस संबंध में बात की तो इसके द्वारा रुपए निकालने की पर्ची में किए गए हस्ताक्षर का मिलान कराया जो मीना बाई साहू की तरह था। सवाल फिर भी था कि जब मीना बाई बैंक आई ही नहीं तो आखिर रुपए किसने निकाले? मामला दर्री थाना पहुंचा और मीना बाई साहू ने शिकायत कर जांच की गुहार लगाई। एसआई इंद्रजीत नायक ने बैंक पहुंचकर जब सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो अन्य महिला रुपए निकालते नजर आई, जिसकी पहचान मीना बाई साहू के तौर पर हुई जो कलमीडुग्गू दर्री की रहने वाली है। पुलिस ने उसके घर जाकर पूछताछ की तो उसने अपने खाता में धनराशि होने का पता चलने पर रुपए निकाल लिया और ये महज धोखे में हुआ। माजरा समझ में आते ही पुलिस ने पूरी रकम वास्तविक मीना बाई साहू को वापस कराया। कलमीडुग्गू निवासी मीना बाई के खाते में लंबे समय से कोई रकम जमा नहीं हुई थी, फिर भी उसने हमनाम मीना बाई के खाता की रकम निकाल ली।

इससे इस बात की भी प्रबल संभावना है कि इरीगेशन चौक निवासी मीना बाई के द्वारा जमा कराई गई राशि दूसरी मीना बाई के नाम से उसके समान नम्बर वाले खाते में जमा कर दी गयी थी जो निकाल लिया गया।

सीएसपी खोमनलाल सिन्हा ने बताया है कि रुपए वापस मिल जाने के बाद मीना बाई साहू ने किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाही है वहीं गलती से रुपए निकाल लेने वाली महिला ने भी अपनी गलती मान ली है। दूसरी ओर छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय जांजगीर के रीजनल मैनेजर सुभाष नायडू ने इसे गंभीरता से लिया और कहा है कि यदि इसमें बैंक कर्मियों की लापरवाही है तो कार्रवाई करेंगे।

Advertisement Carousel