
कोरबा-रजगामार। कोरोना वायरस से संक्रमित युवक होम आइसोलेशन पर घर पर रहने की बजाय बाजार में घूम रहा था। उसकी इस हरकत से कोरोना संक्रमण फैलने की संभावना बढ़ रही थी।
जानकारी के अनुसार रजगामार पुलिस चौकी अंतर्गत ओमपुर निवासी एक युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। उसे होम आइसोलेशन पर रखा गया है। जिसके तहत घर से बिलकुल भी बाहर युवक व उसके परिवार को नहीं निकलना है। इस हिदायत के बाद भी वह घर से बाहर निकलकर बाजार में घूम रहा था। इसकी जानकारी होने पर तहसीलदार ने हल्का नंबर 39 की पटवारी श्रीमती आरती देवी प्रसाद को जांच के लिए कहा था। पटवारी ने अपनी जांच पूरी कर युवक के विरुद्ध रजगामार चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। धारा 188, 269, 270 भादवि के तहत युवक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।













