Sunday, September 20, 2026
Home कोरबा सामान्य सभा आज: घेरने की रणनीति बनाई विपक्ष ने…

सामान्य सभा आज: घेरने की रणनीति बनाई विपक्ष ने…

0 खुद का साउंड सिस्टम लेकर पहुंचेंगे सभा में, तख्ती दिखाकर विरोध
कोरबा। नगर पालिक निगम की प्रथम सामान्य सभा की बैठक आखिरकार 12 अक्टूबर को प्रात: 11.30 बजे से होने जा रही है। प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम परिसर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम में सामान्य सभा की यह बैठक होगी जिसमें सत्तापक्ष को घेरने की मजबूत रणनीति विपक्ष ने तैयार की है।
इस सिलसिले में नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल ने पंचवटी विश्राम गृृह में विपक्ष के तमाम पार्षदों की बैठक लेकर घेराव की रणनीति तैयार की। हितानंद ने बताया कि सामान्य सभा की बैठक में जो एजेंडा सत्ता पक्ष के द्वारा लाया जा रहा है, वह जनविरोधी है जिसका हम पुरजोर विरोध करते हैं। एजेंडे में निगम के विभिन्न सामुदायिक भवनों का निजीकरण का प्रस्ताव लाया गया है। निजीकरण होने के उपरांत उन भवनों को गरीब एवं मध्यम वर्ग के लोग उपयोग करने से वंचित रह जाएंगे जिसका जीता-जागता उदाहरण आशीर्वाद पॉइंट टीपी नगर है। नगर निगम द्वारा करोड़ों की जमीन में करोड़ों की राशि से भवन का निर्माण किया गया किन्तु निजीकरण उपरांत गरीब और मध्यम वर्ग वहां पर कार्यक्रम नहीं कर पा रहे हैं।
अधूरे जल आवर्धन फेस वन का आउटसोर्सिंग, दादर खुर्द रथ यात्रा आयोजन में प्रतिवर्ष 2 लाख रुपए का सहयोग का प्रावधान को 51000 रुपए करने का प्रस्ताव, संपत्ति कर बढ़ाने के उद्देश्य से भवनों एवं भूमियों का सर्वेक्षण एवं कर की वसूली निजी हाथों में देने के प्रस्ताव का भी विरोध है। हितानंद अग्रवाल ने कहा है कि बजट सत्र 2020-21 के विषय में किसी भी पार्षद से ना तो प्रस्ताव लिया गया है और ना ही चर्चा की गई है। ऐसे में बजट में पिछले 5 वर्षों की तरह केवल कोरी घोषणा ही रह जाएंगी व विकास के कार्य नहीं होंगे। पूर्व के बजट में घोषित कामों में से 30 प्रतिशत कार्य भी संपन्न नहीं हुए हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि सामान्य सभा में कई तरह की बाधाएं उत्पन्न की जा सकती हैं, जिसके मद्देनजर वे स्वयं का साउंड सिस्टम लेकर सभा में पहुंचेंगे ताकि साउंड को लेकर व्यवधान ना हो। इस बैठक में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष लखनलाल देवांगन, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक चावलानी सहित विपक्ष के पार्षदगण उपस्थित थे।

Advertisement Carousel