Saturday, March 7, 2026
Home कोरबा सफलता : ग्राहक बनकर पुलिस ने पकड़ा माउजर, बिहार से जुड़े हैं...

सफलता : ग्राहक बनकर पुलिस ने पकड़ा माउजर, बिहार से जुड़े हैं तार…

कोरबा (खटपट न्यूज)। अपने पास माउजर रखकर इसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को पुलिस ने खुद ग्राहक बनकर धर दबोचा। इस मामले में बिहार से तार जुड़े होने की प्रारंभिक जानकारी पुलिस के हाथ लगी है, जिसकी तस्दीक कर विवेचना को जारी रखा गया है।
इस प्रकरण के संबंध में सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षण दुर्गेश शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में अवैध कारोबारियों एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध कोरबा सीएसपी राहुल देव शर्मा के निर्देशन में लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में मुखबिर के जरिए थाना प्रभारी को सूचना मिली कि पुरानी बस्ती वार्ड-4 के इंदिरा नगर मोहल्ले का रहने वाला रज्जाक खलीफा अपने पास माउजर रखे हुए है और उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस ने ग्राहक बनकर माउजर का सौदा 35 हजार रुपए में तय किया और सर्वमंगला चौक रेलवे फाटक के पास लेन-देन के लिए बुलाया गया। यहां रज्जाक खलीफा के पहुंचते ही उसे दबोच लिया गया, तलाशी में पैंट की जेब से एक माउजर बरामद हुआ, जिसके संबंध में कोई संतोषप्रद जानकारी नहीं दे सका।

रज्जाक पिता मुर्तुजा अली 28 वर्ष के विरुद्ध 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जेल भेज दिया गया। उससे पूछताछ में उजागर हुआ है कि उसने बिहार से यह माउजर लाया था। इस तरह अवैध हथियार लाकर खपाने के तार बिहार से जुड़े हुए हैं जिसके संबंध में आगे की तस्दीक जारी है।
हम आपको बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब बिहार व अन्य प्रांत से इस तरह के हथियार लाए जाकर कोरबा शहर व जिले में खपाया गया हो। इससे पहले भी अवैध हथियारों के सौदागर पुलिस के गिरफ्त में आ चुके हैं। हालांकि काफी लंबे समय से हथियारों के सौदागरों के गिरेबां तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंचे हैं। काफी वक्त बाद यह एक मामला पकड़ में आने से माना जा रहा है कि इसकी कड़ियां जोड़कर अवैध हथियारों की खरीदी-बिक्री का और खुलासा आने वाले दिनों में संभव है।

Advertisement Carousel