
कोरबा (खटपट न्यूज)। 74 वर्ष की उम्र में दिवंगत हुए केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कोरबा में भी एक बार चुनावी सभा को संबोधित किया था। लोक जनशक्ति पार्टी के प्रत्याशी चंद्रभूषण महतो के समर्थन में चुनावी सभा लेने वर्ष 2003 में रामविलास पासवान का कोरबा आगमन हुआ था। एलआईसी कार्यालय टीपी नगर के पास श्री पासवान ने लोजपा प्रत्याशी चंद्रभूषण महतो के समर्थन में एक सभा ली और लोगों को संबोधित किया।

खास बात रही कि इसी दिन लालू प्रसाद यादव भी कोरबा में थे जिन्होंने सीएसईबी ग्राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी बोधराम कंवर के पक्ष में सभा ली। मंच पर अकलतरा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी रामानुज जायसवाल भी मौजूद थे। इन दोनों सभाओं में क्षेत्र के लोगों ने मौजूदगी दर्ज कराई। चंद्र भूषण महतो ने बिहार के दिग्गज नेता रामविलास पासवान के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जाना भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है, कोरबा प्रवास के दौरान उनके साथ बिताए पल हमेशा याद रहेंगे।















